इंस्टाग्राम रील ने मिलाया नौ साल से बिछड़े यासीन को परिवार से, केरल से राजमहल लौटा घर
मानसिक रूप से अस्वस्थ यासीन शेख नौ साल बाद केरल से अपने घर राजमहल, साहिबगंज लौट आए। हेल्थ केयर फाउंडेशन ...और पढ़ें

राजमहल थाना क्षेत्र के मानसिंघा गांव निवासी यासीन शेख (टोपी में)। (फोटो जागरण)
संवाद सहयोगी, राजमहल (साहिबगंज)। राजमहल थाना क्षेत्र के मानसिंघा गांव निवासी यासीन शेख मंगलवार को नौ साल बाद घर लौट आया। केरल स्थित हेल्थ केयर फाउंडेशन के दो पदाधिकारियों ने उसे राजमहल लाकर उसके स्वजनों के हवाले कर दिया।
मानसिंघा बनगांव निवासी सोहराब शेख का मानसिक रूप से अस्वस्थ पुत्र यासीन करीब नौ साल पूर्व भटककर मुंबई पहुंच गया था। वहां से वह केरल के कोझिकोड जिले के चेरुवाडी पहुंच गया। ठीक से बोल पाने में असमर्थ था और अपना नाम एवं घर का पता भी स्पष्ट रूप से नहीं बता सकने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी।
बाद में केरल के बाल कल्याण समिति तथा हेल्थ केयर फाउंडेशन ने उसे अपने संरक्षण में रखा। इसी बीच सोशल मीडिया पर उससे संबंधित एक इंस्टाग्राम रील वायरल हुई। रील को देखने के बाद उसके स्वजनों ने उसे पहचान लिया।
इसके बाद केरल में कार्यरत गांव के लोगों के माध्यम से हेल्थ केयर फाउंडेशन से संपर्क स्थापित कर युवक के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। सूचना मिलने के बाद युवक के स्वजन केरल पहुंचे और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई। मंगलवार को हेल्थ केयर फाउंडेशन के सचिव अखिल एवं पदाधिकारी समसुद्दीन यासीन को लेकर राजमहल पहुंचे।
राजमहल थाना परिसर में नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, थाना प्रभारी हसनैन अंसारी की उपस्थिति में युवक को उसके स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया। लंबे समय बाद अपने बेटे के सकुशल घर लौटने पर स्वजनों में खुशी का माहौल देखा गया।
हेल्थ केयर फाउंडेशन की ओर से युवक के भविष्य और रोजगार को ध्यान में रखते हुए मवेशी खरीदने के लिए 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
