साहिबगंज में भीषण सड़क हादसा: स्कार्पियो पलटने से एक की जान गई, आठ घायल
Sahibganj Road Accident: बोआरीजोर से राजमहल जा रही एक स्कार्पियो बोरियो-बोआरीजोर मुख्य पथ पर टायर फटने से पलट गई। इस हादसे में 20 वर्षीय शक्ति महतो की ...और पढ़ें

सड़क किनारे पलटा स्कर्पियो और घायलों को उठाते लोग।
HighLights
बोआरीजोर-राजमहल मार्ग पर स्कार्पियो टायर फटने से पलटी।
हादसे में 20 वर्षीय गाड़ी मालिक शक्ति महतो की मौत।
आठ अन्य यात्री घायल, कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही।
जागरण संवाददाता, बोरियो (साहिबगंज)। बोआरीजोर के सिमड़ा से शव के अंतिम संस्कार के लिए राजमहल जा रही स्कार्पियो सोमवार की शाम बोरियो-बोआरीजोर मुख्य पथ पर शामपुर के पास टायर फटने के कारण गड्ढे में पलट गयी। उसपर सवार मेहरमा के घोरीचक निवासी 20 वर्षीय शक्ति महतो की मौत हो गई। वह गाड़ी का मालिक बताया जा रहा है।
स्कार्पियो पर सवार बड़ा सिमड़ा निवासी संदीप मिर्धा, राधे मिर्धा, कृष्णा मिर्धा, सुखदेव मिर्धा, प्रदीप मिर्धा, शिवम कुमार साह, बमबम कुमार, महेश उरांव घायल हो गए। इनमें महेश उरांव, बमबम कुमार व शिवम कुमार साह को हल्की चोट लगी है जबकि शेष की स्थिति गंभीर है।
बोरियो सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद सभी को रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी रोहित कुमार दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और सभी को सीएचसी में भर्ती कराया।
बोरियो बेल टोला निवासी सहबान अंसारी ने बताया कि वह फेरी के लिए बोआरीजोर की ओर जा रहा था तभी तेज रफ्तार स्कार्पियो को बोआरीजोर की ओर से आते देखा। गाड़ी की रफ्तार अधिक थी। उसका टायर फट गया जिससे वह असंतुलित हो गयी और सड़क के किनारे गड्ढे में जा गिरी।
पत्नी के साथ बोआरीजोर की ओर जा रहे बोरियो बाजार निवासी सुनील साह घटना को देखकर डर गए। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। बेहतर इलाज के लिए कई लोगों को रेफर किया जा रहा था। थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि एक की मौत हुई है। बाकी घायल हैं।