विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल चुनाव: साहिबगंज सीमा पर सुरक्षा कड़ी, गंगा में नावों के मूवमेंट पर रिवर थाना की पुलिस की नजर

By Dev Aryan Edited By: Mritunjay Pathak
Published: Tue, 21 Apr 2026 05:45 PM (IST)

West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान को लेकर साहिबगंज पुलिस सीमावर्ती इलाकों में हाई अलर्ट पर है।

साहिबगंज में नाव के माध्यम से गंगा में पेट्रोलिंग करती पुलिस।

साहिबगंज में नाव के माध्यम से गंगा में पेट्रोलिंग करती पुलिस।

HighLights

  1. पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर साहिबगंज सीमा पर हाई अलर्ट।

  2. अवैध गतिविधियों पर रोक के लिए सघन जांच अभियान जारी।

  3. गंगा नदी मार्ग और शराब दुकानों पर विशेष निगरानी।

संवाद सहयोगी, जागरण, साहिबगंज। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-2026 के पहले चरण के मतदान को लेकर झारखंड के सीमावर्ती साहिबगंज जिले के विभिन्न थानों की पुलिस पूरी तरह सतर्क है। बंगाल में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से साहिबगंज की सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है।

जिला पुलिस द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र के संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिससे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर समय रहते रोक लगाई जा सके। 

सीमा से जुड़े सभी प्रमुख मार्गों पर पुलिस द्वारा चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं। यहां से गुजरने वाले हर छोटे-बड़े वाहनों की बारीकी से जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है और वाहन चालकों से पूछताछ भी की जा रही है।

थाना प्रभारियों का कहना है कि चुनाव के दौरान अवैध हथियार, नकदी, शराब या अन्य आपत्तिजनक सामग्री के परिवहन को रोकना प्राथमिकता है। गंगा नदी के रास्ते होने वाली आवाजाही पर भी पुलिस प्रशासन ने कड़ी निगरानी बढ़ा दी है।

गंगा नदी में चलने वाली हर प्रकार की नाव की जांच की जा रही है। नाव में सवार लोगों के सामान की तलाशी ली जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अवैध वस्तु के परिवहन को रोका जा सके। नदी मार्ग को लेकर पुलिस विशेष रूप से सतर्क है, क्योंकि यह क्षेत्र तस्करी के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है।

गंगा नदी में चलने वाली नाव पर गंगा रिवर थाना की पुलिस नजर रख रही है। नावों के मूवमेंट पर रिवर थाना की पेट्रोलिंग पार्टी जांच कर रही है। पूरी जांच के बाद भी झारखंड की तरह से बंगाल जाने वाले नावों को इजाजत दी जा रही है। 

इसके अलावा, पुलिस प्रशासन अवैध तस्करी में संलिप्त तस्करों पर भी पैनी नजर बनाए हुए है। खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष गश्ती दल तैनात किए गए हैं, जो दिन-रात क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं।

चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अवैध शराब के वितरण को रोकने के लिए अहम कदम उठाते हुए बंगाल सीमा से सटे लगभग 5 किलोमीटर के दायरे में आने वाली शराब की दुकानों को अस्थायी रूप से सील कर दिया गया है।

साथ ही लोगों से अपील की जा रही है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।