विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की पहल से झारखंड की फुटबॉलर दिव्यानी के भाई को मिला नया जीवन

Updated: Tue, 07 Jul 2026 07:27 PM (IST)

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के प्रयासों से अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर दिव्यानी लिंडा के भाई शिवा का एम्स, नई दिल्ली में सफल उपचार हुआ। गंभीर दुर्घटना के बाद आर्थिक अभाव में बिस्तर पर पड़े शिवा को सेठ ने एम्स में भर्ती कराया।

रक्षा राज्य मंत्री के प्रयास से फुटबॉल खिलाड़ी दिव्यानी के भाई का हुआ सफल उपचार।

रक्षा राज्य मंत्री के प्रयास से फुटबॉल खिलाड़ी दिव्यानी के भाई का हुआ सफल उपचार।

HighLights

  1. रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने उपचार में मदद की।

  2. फुटबॉलर दिव्यानी लिंडा के भाई शिवा का इलाज हुआ।

  3. एम्स, नई दिल्ली में सफल उपचार पूरा हुआ।

संवाद सूत्र, चुटूपालू (रामगढ़/रांची)। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के प्रयासों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल जगत में झारखंड का नाम रोशन करने वाली ओरमांझी (रांची) की खिलाड़ी दिव्यानी लिंडा के भाई शिवा का नई दिल्ली स्थित एम्स (AIIMS) के जेपीएन एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में सफल उपचार पूरा हो गया है।

लगभग एक महीने तक चले विशेषज्ञ इलाज के बाद शिवा की स्थिति में बेहतरीन सुधार हुआ है। मंगलवार को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ स्वयं एम्स पहुंचे और शिवा को सम्मानपूर्वक डिस्चार्ज कराकर अपने नई दिल्ली स्थित आवास लेकर आए।
गंभीर दुर्घटना के बाद बिस्तर पर था शिवा

कुछ वर्ष पूर्व एक भयानक सड़क दुर्घटना में शिवा बुरी तरह घायल हो गया था। इसके बाद उसकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई और वह लंबे समय से बिस्तर पर रहने को विवश था। आर्थिक तंगी के कारण परिवार उसका आगे का महंगा इलाज कराने में असमर्थ था।

जैसे ही इस मामले की जानकारी केंद्रीय मंत्री संजय सेठ को मिली, उन्होंने तुरंत संज्ञान लिया और शिवा को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली एम्स में भर्ती कराया।

एम्स के डॉक्टरों ने टाल दिया बड़ा खतरा

  • रांची के इलाज में रह गई थी चूक: पूर्व में रांची में हुए ऑपरेशन के दौरान शिवा के शरीर में कई नट-बोल्ट लगाए गए थे, समय के साथ जिनमें गंभीर संक्रमण (Infection) हो गया था और खतरा बढ़ गया था।
  • डॉक्टरों की टीम ने बचाई जान: एम्स के जेपीएन एपेक्स ट्रॉमा सेंटर के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. कमरान फ़ारूक़ के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक शरीर से उन सभी पुराने नट-बोल्ट को निकाला और अत्याधुनिक चिकित्सा उपलब्ध कराई।
  • खतरे से बाहर: डॉक्टरों के अनुसार, संक्रमण के कारण एक समय शिवा का जीवन गंभीर खतरे में था, लेकिन अब वह पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ है।

'खिलाड़ियों और उनके परिवार की चिंता करना हमारा कर्तव्य'

इस भावुक क्षण पर शिवा की माता, उनकी बहन व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर दिव्यानी लिंडा ने केंद्रीय मंत्री और एम्स के डॉक्टरों की टीम के प्रति हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया।

संजय सेठ ने इस अवसर पर कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की यही प्रेरणा है कि देश का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके परिवारों की भी पूरी चिंता की जाए।

जब खिलाड़ी पारिवारिक चिंताओं से मुक्त रहेंगे, तभी वे पूरी एकाग्रता के साथ देश के लिए मैदान पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकेंगे। इसी सेवा भावना के तहत दिव्यानी के परिवार की मदद की गई है।

उन्होंने भरोसा जताया कि अगले दो दिनों में शिवा दिल्ली से अपने गांव लौट जाएगा। अब वह फिर से अपने दोस्तों के साथ खेल सकेगा, अपनी पढ़ाई पूरी करेगा और एक सामान्य व नए उत्साह के साथ जीवन की नई शुरुआत करेगा।