रांची में मां ने दो बच्चों को पिलाया जहर, ससुराल वाले कर रहे थे प्रताड़ित; खुद रिम्स में भर्ती
ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर रांची की एक महिला ने अपने दो बच्चों को जहर देकर खुद भी खा लिया। पति की मौत के बाद ससुराल वालों द्वारा लगातार परेशा ...और पढ़ें

ससुराल की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने बच्चों को दिया जहर। (विजुअल: एआई जेनरेटेड)
HighLights
ससुराल की प्रताड़ना से महिला ने बच्चों को जहर दिया।
दोनों बच्चों की दुखद मौत, महिला का इलाज जारी।
रांची पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, रांची। रिम्स में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर एक महिला द्वारा अपने दो बच्चों को जहर देने और बाद में खुद भी जहर खाने का मामला प्रकाश में आया है।
यह घटना 25 मई की बताई जा रही है। इस घटना के बाद एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा और महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान दूसरे बच्चे की भी मौत हो गई, जबकि महिला का इलाज अभी भी जारी है। इस पूरे मामले को लेकर महिला दिलेश्वरी देवी के भाई विश्वनाथ महातो ने रिम्स में पुलिस को बयान दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी बहन के पति चंद्रदीप महतो की 10 मई को मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उनकी बहन को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।
परिजनों का कहना है कि लगातार मानसिक दबाव और प्रताड़ना के कारण ही यह दुखद घटना हुई। बताया जाता है कि प्रताड़ना से तंग आकर दिलेश्वरी देवी ने पहले अपने दोनों बच्चों प्रियांका और प्रिंस को जहर दिया और इसके बाद खुद भी जहर खा लिया।
जहर खाने के बाद महिला ने घरवालों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल तीनों को अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद सभी को इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद प्रियांका को मृत घोषित कर दिया।
हालत गंभीर होने के कारण दिलेश्वरी देवी और प्रिंस को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर किया गया। रिम्स में दोनों का इलाज जारी रहा, लेकिन 29 मई को इलाज के दौरान प्रिंस की भी मौत हो गई।
खबरें और भी
इसके बाद अब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। महिला दिलेश्वरी देवी का इलाज अभी भी रिम्स में चल रहा है और उसकी स्थिति पर डाक्टरों की नजर बनी हुई है।
इधर, बरियातू थाना पुलिस ने बताया है कि इस मामले में अभी तक महिला का बयान दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों के आरोपों, घटनाक्रम और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।