रांची विश्वविद्यालय के 39वें दीक्षा समारोह में 6923 विद्यार्थियों को डिग्री, 71 टॉपर्स को मिलेगा गोल्ड मेडल
रांची विश्वविद्यालय का 39वां दीक्षा समारोह आज आयोजित हो रहा है, जिसमें 6923 विद्यार्थियों को डिग्री और 71 टॉपर्स को ...और पढ़ें

झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में होंगे शामिल।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची विश्वविद्यालय का 39वां दीक्षा समारोह का आयोजन बुधवार को 11 बजे से किया जा रहा है। जिसमें 6923 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी और कुल 71 टापरों को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा। कुलपति डाॅ. सरोज शर्मा ने कहा कि ये दीक्षा समारोह कई नवाचारों से युक्त है और इस बार हम दो मानद उपाधि भी दे रहे हैं।
ये बातें उन्होंने विवि मुख्यालय में आयोजन प्रेस कांफ्रेस में कहीं। उन्होंने बताया कि रांची विवि के दीक्षा समारोह का शुल्क हमने सबसे कम रखा है लेकिन विद्यार्थियों की सुविधा में किसी तरह की कटौती नहीं की गयी है।
कुलपति ने बताया कि कुल डेढ़ घंटे का समारोह होगा जिसमें परफार्मिंग एंड फाइन आर्ट विभाग द्वारा रांची विवि के शुरुआत से लेकर वर्तमान तक की यात्रा आधारित नृत्य नाटिका में रांची विवि की प्रस्तुति होगी। मौके पर डीएसडब्ल्यू डाॅ. सुदेश कुमार साहू, परीक्षा नियंत्रक डाॅ. संजय सिंह, कुलसचिव डाॅ. राजकुमार शर्मा सहित अन्य मौजूद थे।
समारोह में 71 टॉपरों को गोल्ड व 6923 को डिग्री
परीक्षा नियंत्रक डाॅ. संजय सिंह ने बताया कि प्रति वर्ष दीक्षा समारोह का आयोजन फरवरी में हुआ करता था, लेकिन इस वर्ष लोकभवन के निर्देेश के बाद इसे सितंबर में आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष दीक्षा समारोह का बजट 45.50 लाख रुपये है।
जो कि 38वें दीक्षा समारोह से 14.50 लाख रुपये कम है। इसमें कुल 60 लाख रुपये का बजट था। वहीं टॉपर्स को कुल 71 गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे। जिसमें 44 छात्राएं और 14 छात्र शामिल हैं। वहीं कई विषय में एक ही छात्र ने दो या दो से अधिक गोल्ड मेडल प्राप्त किए हैं।
दो शिक्षाविदों को डाक्टरेट की मानद उपाधि
विवि की कुलपति डाॅ. सरोज शर्मा ने बताया कि इस दीक्षा समारोह में राज्यपाल के आदेश पर दो शिक्षाविदों को डाक्टरेट की मानद उपाधि प्रदान की जाएगी। इसमें एनइआइपीए की कुलपति प्रो शशिकला बंजारी और आइआइएम कोलकाता के निदेशक प्रो आलोक शामिल हैं। दोनों इस समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
पारंपरिक परिधान के साथ समारोह में शामिल होंगे विद्यार्थी
इस दीक्षा समारोह में विद्यार्थियों को शामिल करने के लिए ड्रेस कोड भी रखा गया है। छात्रों के लिए सफेद कुर्ता धोती या पायजामा और छात्राओं के लिए सफेद सलवार कुर्ता या सफेद लाल पाढ़ की साड़ी पहनना है। वहीं रेडियो खांची के यूट्यूब चैनल पर दीक्षा समारोह का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
बांटे गए अंगवस्त्र और गेट पास
मंगलवार को भी गेट पास और अंगवस्त्र का वितरण किया गया। इसके लिए आवेदन छात्रों का प्रोफाइल बनाकर वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया था। इससे छात्र आनलाइन अपनी जानकारी लेकर सही काउंटर पर पहुंच रहे। मोरहाबादी के सेंट्रल लाइब्रेरी और बेसिक साइंस बिल्डिंग में बनाए गए 10 काउंटर पर विद्यार्थियों ने अंगवस्त्र और गेट पास लिए।
