रांची में टी-20 मैच की सुरक्षा के लिए व्यापारियों ने दिया सहयोग, शालीमार बाजार में नहीं लगा साप्ताहिक हाट
रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच की सुरक्षा के मद्देनजर शालीमार बाजार का साप्ताहिक हाट नहीं लगा। व्यापारियों ने प्रशासन के निर्देश का पालन कर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दिया।

शालीमार बाजार का साप्ताहिक हाट प्रशासन के निर्देश पर नहीं लगा। जागरण
HighLights
भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के कारण सुरक्षा व्यवस्था सख्त की गई।
शालीमार बाजार का साप्ताहिक हाट प्रशासन के निर्देश पर नहीं लगा।
जागरण संवाददाता, रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच शुक्रवार को होने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबले को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। इसका असर धुर्वा के एचईसी सेक्टर-तीन स्थित शालीमार बाजार में भी देखने को मिला।
वर्षों से प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को लगने वाला साप्ताहिक हाट इस बार नहीं लगा। प्रशासन के निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले सब्जी विक्रेताओं ने अपनी दुकानें नहीं लगाईं। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग देकर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दिया।
शालीमार बाजार में सामान्य दिनों में सुबह से ही सब्जी विक्रेताओं और खरीदारों की भीड़ जुटने लगती है। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से किसान और छोटे व्यापारी यहां अपनी उपज बेचने पहुंचते हैं। लेकिन शुक्रवार की सुबह बाजार का नजारा बदला हुआ था। जहां सब्जियों की दुकानें सजी रहती थीं, वहां बांस के खाली ढांचे नजर आए। बाजार परिसर में सन्नाटा पसरा था।
सुरक्षा को प्राथमिकता, कारोबार से समझौता
बताया गया कि क्रिकेट मैच को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले व्यापारियों को शुक्रवार को बाजार नहीं लगाने का निर्देश दिया था। इसके बाद अधिकांश व्यापारी बाजार नहीं पहुंचे। हालांकि, कुछ छोटे विक्रेता सुलभ शौचालय की ओर दुकान लगाए हुए थे। प्रशासन ने उन्हें भी जल्द दुकानें हटाने को कहा।
बड़े आयोजन के प्रति शहर ने दिखाई जिम्मेदारी
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबले को लेकर राजधानी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है। ऐसे में शालीमार बाजार के व्यापारियों का सहयोग महत्वपूर्ण है। एक दिन का कारोबार प्रभावित होने के बावजूद बाजार नहीं लगाना सामूहिक जिम्मेदारी का उदाहरण बना।
वर्षों पुराने इस साप्ताहिक हाट का नहीं लगना असामान्य जरूर रहा, लेकिन इससे यह संदेश भी सामने आया कि बड़े आयोजन की सुरक्षा में प्रशासन के साथ आम नागरिकों और छोटे व्यापारियों की भागीदारी भी जरूरी है।
यह भी पढ़ें- स्टेडियम में 3 बजे से दर्शकों की एंट्री, इन चीजों पर बैन; रांची में टॉस बनेगा गेमचेंजर, ओस तय करेगा मैच का रुख
यह भी पढ़ें- जेएससीए में फिर गूंजेगा टीम इंडिया का बल्ला, रांची में जीत का ‘चौका’ लगाने उतरेगा भारत
