रांची रेलवे स्टेशन पर 27 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 13.50 लाख रुपये आंकी गई कीमत
रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने ऑपरेशन 'नारकोस' के तहत 27 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में ओडिशा ...और पढ़ें

रांची रेलवे स्टेशन पर 27 किलो गांजा जब्त। जागरण
HighLights
रांची रेलवे स्टेशन पर 27 किलो गांजा जब्त।
दो युवकों को आरपीएफ ने किया गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की शाम रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। आरपीएफ पोस्ट रांची और अपराध आसूचना शाखा (सीआइबी) की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या एक से दो युवकों को 27 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 13.50 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपित ओडिशा के रहने वाले हैं।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे गुप्त सूचना के आधार पर स्टेशन परिसर में निगरानी बढ़ाई गई थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या एक पर ट्रॉली बैग लेकर खड़े दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। जवानों ने दोनों को रोककर पूछताछ की। उनके जवाबों पर संदेह होने के बाद बैग की तलाशी ली गई।
दो ट्रॉली बैग से मिले गांजे के 27 पैकेट
तलाशी के दौरान एक ट्रॉली बैग से गांजे के 13 और दूसरे से 14 पैकेट बरामद हुए। कुल वजन 27 किलोग्राम पाया गया। डीडी जांच किट से परीक्षण में गांजा होने की पुष्टि हुई।
पकड़े गए युवकों की पहचान ओडिशा के सोनपुर जिले के सानंद चंद्र कुंभार (19) और मानस कलेत (23) के रूप में हुई है। आरपीएफ ने बरामद गांजा और संबंधित सामग्री जब्त कर दोनों आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया।
मंडल सुरक्षा आयुक्त के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई ऑपरेशन 'नारकोस' के तहत की गई। रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार, ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है।
