पंडरा में जमीन विवाद बना खूनी खेल का कारण, दो महीनों में चार गोलीकांड से दहशत; योजना बना कर हुई थी भार्गव की हत्या
रांची के पंडरा में जमीन विवाद को लेकर भार्गव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसमें विजय टेटे मुख्य आरोपी है। यह क्षेत्र दो महीनों में चार गोलीकांड ...और पढ़ें

पत्नी संग फरार होते बुटी मोड़ पर पकड़ा गया हत्यारोपी।
HighLights
भार्गव सिंह की हत्या जमीन विवाद के चलते हुई।
पंडरा में दो महीनों में चार गोलीकांड दर्ज हुए।
जागरण संवाददाता, रांची। पंडरा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद में खुनी खेल रुकने का नाम नहीं ले रहा है। भार्गव की हत्या भी जमीन विवाद में ही हुई। पूरी योजना से वारदात को अंजाम दिया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि विजय टेटे और भागर्व सिंह के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। 15 से 20 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच कई बार फोन पर विवाद और धमकी भी हुई थी।
ओटीसी मैदान के सामने हनुमान मंदिर के पास हुए गोलीकांड में भागर्व सिंह की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मुख्य आरोपी विजय टेटे को अंजाम देने के बाद फरार होने की बजाय अपने घर गया और फिर पत्नी के साथ शहर से बाहर घूमने निकल पड़ा, ताकि किसी को शक न हो।
हालांकि, पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे बुटी मोड़ के पास दबोच लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली मारने के बाद विजय टेटे मौके से पैदल ही भाग निकला। कुछ दूरी पर मौजूद युवकों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसने हथियार दिखाते हुए हवाई फायरिंग कर दी और वहां से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी सीधे अपने गांधीनगर स्थित आवास पहुंचा, जहां उसकी पत्नी पहले से बाहर घूमने जाने के लिए तैयार थी। बताया जा रहा है कि उसने एक दिन पहले ही पत्नी के साथ बाहर जाने की योजना बना ली थी।
खबरें और भी
वारदात के तुरंत बाद वह पत्नी के साथ निकल गया, ताकि मोहल्ले या परिवार को कोई संदेह न हो। वाहन में महिला के होने से रास्ते में पुलिस चेकिंग से बचने की भी उसकी योजना थी। आरोपी को यह भी जानकारी थी कि भागर्व हर मंगलवार मंदिर में पूजा करने आता है। इसी आधार पर उसने पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
पंडरा में दो महीनों में चार गोलीकांड, जमीन विवाद से बढ़ रही वारदातें
पंडरा थाना क्षेत्र इन दिनों अपराध का नया केंद्र बनता जा रहा है। पिछले करीब दो महीनों में यहां चार गोलीबारी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिसिंग पर सवाल उठने लगे हैं।
पंडरा इलाके में एक के बाद एक फायरिंग की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की नींद उड़ा दी है। दिन हो या रात, अचानक होने वाली वारदातों से लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। हालिया घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
जानकारों के अनुसार, रातू और पंडरा थाना क्षेत्र में ज्यादातर घटनाओं की जड़ जमीन विवाद है। तेजी से बढ़ती जमीन की कीमतों और कब्जे को लेकर आपसी रंजिशें अब हिंसक रूप ले रही हैं। कई मामलों में पैसों के लेन-देन और पुरानी दुश्मनी भी गोलीबारी की वजह बन रही है।
कुछ समय पहले तेल मिल गली में आपसी रंजिश के कारण गोलीबारी की घटना सामने आई थी। इस मामले ने भी इलाके में सनसनी फैला दी थी। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई की, लेकिन इसके बाद भी घटनाओं का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है।
लगातार बढ़ती घटनाएं पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई हैं। अपराधियों पर नकेल कसने और इलाके में कानून-व्यवस्था बहाल करने को लेकर अब ठोस कार्रवाई की जरूरत महसूस की जा रही है।
यह भी पढ़ें- रांची के हनुमान मंदिर में युवक को मारी गोली, सुरक्षा पर उठे सवाल; मौके पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री संजय सेठ
यह भी पढ़ें- कांके मुठभेड़ में पूर्व पार्षद हत्याकांड का मुख्य आरोपी सत्यम पाठक घायल, मास्टरमाइंड विजय टेटे फरार