Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अगले सप्ताह तक बारिश की संभावना, झारखंड में कमजोर मानसून से किसानों को राहत की उम्मीद

    Updated: Mon, 06 Jul 2026 08:00 AM (GMT+05:30)

    रांची और झारखंड में मानसून की गतिविधियां जारी हैं, लेकिन राज्य में अभी भी 45% बारिश की कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह तक हल्की से मध्यम ...और पढ़ें

    जुलाई के दूसरे सप्ताह में होगी अच्छी बारिश, किसान बुवाई पर दे ध्यान।

    जुलाई के दूसरे सप्ताह में होगी अच्छी बारिश, किसान बुवाई पर दे ध्यान।

    HighLights

    1. रांची में अगले सप्ताह तक बारिश का अनुमान।

    2. झारखंड में 45% बारिश की कमी दर्ज।

    3. जुलाई के दूसरे सप्ताह में अच्छी बारिश की उम्मीद।

    जागरण संवाददाता, रांची। रांची समेत झारखंड के अधिकांश हिस्सों में मानसून की गतिविधियां बनी हुई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र रांची की ओर से जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार राजधानी में पिछले 24 घंटे के दौरान 12.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

    इस दौरान अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर अधिकतम 97 प्रतिशत और न्यूनतम 72 प्रतिशत रहा, जिससे वातावरण में उमस बनी हुई है।

    वहीं मौसम विभाग के अनुसार 5 जुलाई से 11 जुलाई तक रांची और आसपास के क्षेत्रों में आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहेगा। इस दौरान हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश तथा मेघ गर्जन की संभावना बनी रहेगी। 5 और 6 जुलाई को मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जबकि 7 से 11 जुलाई के बीच भी रुक-रुक कर वर्षा हो सकती है।

    विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। रांची में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

    खबरें और भी

    गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट

    मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। 5 और 6 जुलाई को रांची सहित कई क्षेत्रों में गरज-चमक, वज्रपात तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। रांची, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, सिमडेगा, लातेहार, गढ़वा, पलामू और पश्चिम सिंहभूम के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है।

    7 और 8 जुलाई को राज्य के उत्तर-पूर्वी तथा निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

    झारखंड में सामान्य से 45 प्रतिशत कम बारिश

    बारिश की गतिविधियां जारी रहने के बावजूद पूरे झारखंड में मानसून अब भी कमजोर बना हुआ है। 1 जून से 5 जुलाई 2026 तक राज्य में औसतन 129 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 236.1 मिमी होनी चाहिए थी। इस प्रकार राज्य में अब तक 45 प्रतिशत वर्षा की कमी दर्ज की गई है।

    रांची की स्थिति अन्य जिलों से बेहतर

    राजधानी रांची में इस अवधि के दौरान 205.3 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई है, जबकि सामान्य वर्षा 243.2 मिमी मानी जाती है। यहां केवल 16 प्रतिशत वर्षा की कमी दर्ज हुई है, जो राज्य के कई जिलों की तुलना में बेहतर स्थिति को दर्शाती है।

    दूसरी ओर गढ़वा में 89 प्रतिशत, गोड्डा में 83 प्रतिशत, कोडरमा में 78 प्रतिशत, चतरा में 74 प्रतिशत तथा पाकुड़ में 69 प्रतिशत वर्षा की कमी दर्ज की गई है। वहीं सिमडेगा राज्य के अपेक्षाकृत अधिक वर्षा वाले जिलों में शामिल है, जहां 247.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

    किसानों की उम्मीदें बारिश पर टिकीं

    खरीफ सीजन के बीच सामान्य से कम बारिश किसानों की चिंता बढ़ा रही है। हालांकि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

    कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि जुलाई के दूसरे सप्ताह में अच्छी बारिश होने पर धान समेत खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिलेगी और किसानों को राहत मिलेगी। रांची समेत पूरे झारखंड में अब सबकी नजर आगामी मानसूनी बारिश पर टिकी हुई है।