विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Ranchi Crime: प्रेम-प्रसंग के शक में पत्नी पर अंधाधुंध प्रहार फिर गला रेतकर हत्या, अपना भी गला रेत किया आत्महत्या का प्रयास

By Aanil Kumar Edited By: Kanchan Singh
Published: Tue, 02 Dec 2025 05:22 PM (IST)

रांची में एक व्यक्ति ने प्रेम-प्रसंग के संदेह में अपनी पत्नी पर हमला किया और गला रेतकर उसकी हत्या कर ...और पढ़ें

प्रेम-प्रसंग के शक में पत्नी का गला रेता, स्वयं भी गला रेतकर आत्महत्या का प्रयास किया।

प्रेम-प्रसंग के शक में पत्नी का गला रेता, स्वयं भी गला रेतकर आत्महत्या का प्रयास किया।

HighLights

  1. पत्नी पर जानलेवा हमला, गला रेता

  2. पति ने आत्महत्या का प्रयास किया

  3. प्रेम-प्रसंग के शक में हत्या

प्रेम-प्रसंग के शक में पत्नी का गला रेता, स्वयं भी गला रेतकर किया आत्महत्या का प्रयास
संवाद सूत्र, अनगड़ा(रांची)। पत्नी के कथित प्रेम-प्रसंग के शक में पति दिनेश्वर करमाली उर्फ लालू(50) ने अपनी पत्नी ममता देवी(27) की गला रेतकर हत्या कर दी। गला बैठी(फसुल) से रेता गया। बाद में स्वयं भी इसी बैठी से अपना गला रेतकर आत्महत्या का प्रयास किया।

नाजकु हालत में लालू को इलाज के लिए रिम्स ले जाया गया। घटना सोमवार की शाम की है। रिंग रोड स्थित हेसल टोलगेट के पास लालू ने अपने घर में घटना को अंजाम दिया। ममता हेसल टोल गेट की कर्मचारी थी। वह टीसी के पद पर कार्यरत थी।

लालू का घर में ही फेब्रिकेशन की दुकान है। वह वेल्डिंग मिस्त्री है। इस घटना के बाद दंपती के दोनों बच्चों आरूषि(12) एवं नैतिक राज(5) के सिर से मां का प्यार सदा के लिए खत्म हो गया है। माता की मौत हो गई और पिता नाजकु स्थित में इलाजरत है।

दोनों बच्चे हेसल खीराटोली स्थित एजी चर्च स्कूल में पढ़ते हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, सिल्ली डीएसपी अनुज उरांव, अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम कुमार रजवार, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि रामसाय मुंडा, सालहन मुखिया सरिता तिर्की, आजसू नेता आतिश कुमार महतो, रामपोदो महतो पहुंचे।

पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। हालांकि पुलिस मौत के कारणों का पता लगा रही है।

क्या है मामला

वर्ष 2012 में लालू की शादी लुपुंग निवासी ममता देवी के साथ हुई थी। इसी बीच रिंग रोड का निर्माण हुआ और लालू ने टोल गेट के किनारे फेब्रिकेशन की दुकान खोल ली। कुछ समय बाद भगीना सुदामा भी अपने मामा के साथ रहने लगा।

कालक्रम में लालू को शक होने लगा की सुदामा का प्रेम-प्रसंग ममता के साथ चल रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। टोलगेट खुलने के बाद ममता अपनी भाभी उषा के साथ टोल गेट में काम करने लगी।

जबकि भगीना सुदामा ने गोंदलीपोखर चौक में स्टील फेब्रिकेशन की दुकान खोल ली। घटना के दिन लालू ने अपनी पत्नी ममता के साथ धान काटकर घर लाया। घर आते ही दोनों के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया। घटना के समय दोनों बच्चे बगल में खेल रहे थे।

विवाद शुरू होते ही ममता ने घटना की जानकारी अपनी भाभी उषा को दी। कुछ देर बाद जब स्वजन लालू के घर पहुंचे तो देखा हादसा हो चुका था। ममता के शरीर में बैठी से गला, पेट व पीठ में लगातार वार किया गया। बीस से अधिक वार शरीर पर किया गया।

शक में हुई हत्या

लालू को शक था कि ममता का प्रेम-संबंध भगीना सुदामा के साथ था। लालू के बार बार बोलने के बाद भी भगीना दूसरी जगह शिफट नही हो रहा था। जबकि ममता हमेशा इस शक का विरोध करती थी। इसी को लेकर दोनों के बीच हमेशा विवाद होता था। बताया जाता है कि ममता व्यवहार कुशल महिला थी। वह पूरी निष्ठा से अपना काम करती थी।

भगीना सुदामा भी हो सकता है मुख्य साजिशकर्ता 

पुलिस का कहना है कि इस मामले का मुख्य साजिशकर्ता भगीना सुदामा भी हो सकता है। इलाज के लिए रिम्स ले जाते समय लालू ने एक वीडीओ संदेश में बयान दिया कि सुदामा ने ही ममता को मारा और मै बचाने गया तो मुझपर भी हमला कर दिया।

अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम कुमार रजवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि प्रेम-प्रसंग में शक के कारण ही ममता की हत्या हुई है। सुदामा भी हत्यारा हो सकता है। मामले की जांच की जा रही है। तकनीकी जांच, काल डिटेल, लोकेशन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आदि के विस्तृत अध्ययन के बाद ही डिटेल में कुछ कहा जा सकता है।