रांची छात्र आंदोलन पर सियासत तेज, लाठीचार्ज पर राहुल गांधी के पोस्ट के बाद जागी झारखंड कांग्रेस
राहुल गांधी ने झारखंड विधानसभा के बाहर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की और सरकार से उनकी बात सुनने का आग्रह किया। ...और पढ़ें
-1786376630171_m.webp)
राहुल गांधी। (सोशल मीडिया)
HighLights
राहुल गांधी ने झारखंड में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की।
सरकार से छात्रों की बात सुनकर तत्काल समाधान निकालने का आग्रह।
पूर्व सीएम मरांडी ने कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए।
राज्य ब्यूरो, रांची। नीट पेपर लीक के विरुद्ध जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग पर मुखर रहने वाले तथा दिल्ली से झारखंड तक आंदोलन करने वाले कांग्रेस के नेता झारखंड विधानसभा में लाठी चार्ज पर दिनभर लगभग चुप ही रहे।
लेकिन जैसे ही लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का बयान आया, झारखंड के स्थानीय नेता भी मुखर होने लगे। राहुल गांधी ने अपने एक्स हैंडल पर आंदोलनरत छात्रों के विरुद्ध लाठीचार्ज किए जाने को गलत करार दिया।
उन्होंने कहा कि छात्रों के विरुद्ध पुलिस का इस्तेमाल करना गलत है। छात्रों को शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार है और बातचीत से ही समाधान निकल सकता है।
राहुल ने स्पष्ट लिखा कि झारखंड सरकार को इन छात्रों की बात सुननी चाहिए और हर समस्या का तत्काल समाधान करना चाहिए।
राहुल गांधी ने किया छात्रों का समर्थन
इधर, राहुल के बयान आने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों को लेकर राहुल गांधी की चिंता को आगे बढ़ाया है और राहुल के समर्थन का स्वागत किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी ने स्पष्ट रूप से छात्रों का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र-छात्राएं अपने भविष्य और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं।
ऐसे समय में उनके साथ संवेदनशील और लोकतांत्रिक व्यवहार होना चाहिए। लाठीचार्ज, आंसू गैस या किसी भी प्रकार का अनावश्यक बल प्रयोग छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं है।
कमलेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार और उनकी जायज मांगों के साथ खड़ी है। युवाओं की आवाज को दबाना नहीं चाहिए। छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से लेना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने छात्रों से भी अपील की कि वे शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं अनुशासित तरीके से अपना आंदोलन जारी रखें।
औपचारिकता पूरी कर जवाबदेही से नहीं बच सकते राहुल
इधर, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने राहुल गांधी को संबोधित करते हुए लिखा है कि झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की सभी नौकरियां बेची गई हैं।
कांग्रेस इस सरकार का हिस्सा है, इसलिए सिर्फ बयान जारी करने की औपचारिकता पूरी कर राहुल गांधी अपनी जवाबदेही से नहीं बच सकते।
यदि वह सच में छात्रों के साथ खड़े हैं, तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को तत्काल पूरे मामले की निष्पक्ष सीबीआइ जांच का आदेश देने के लिए निर्देशित करें, अन्यथा झारखंड सरकार से अपना समर्थन वापस लें।