यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 26, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Raghubar Das: रघुवर दास का रांची में भव्य स्वागत, उमड़े भाजपा कार्यकर्ता, कल जाएंगे जमशेदपुर
रघुवर दास ओडिशा के राज्यपाल पद से इस्तीफा देने के बाद आज रांची पहुंची। राजधानी में उनका भव्य स्वागत किया गया। इससे पहले उन्होंने झारखंड के 1000 आदिवास ...और पढ़ें

HighLights
- एयरपोर्ट पर भाजपाइयों की भीड़, जमशेदपुर से भारी संख्या में आए थे कार्यकर्ता
- शानदार स्वागत से अभिभूत दिखे रघुवर दास, जताया सबका आभार
राज्य ब्यूरो, रांची। ओडिशा के राज्यपाल पद से त्यागपत्र देने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास (Raghubar Das) जब गुरुवार को भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे तो भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उनकी प्रतीक्षा में खड़ी थी। एयरपोर्ट के बाहर कुछ समय के लिए इससे अव्यवस्था का माहौल रहा। रघुवर दास बाहर निकलने के बाद लगभग 15 मिनट तक कार्यकर्ताओं-नेताओं से मुलाकात करते रहे।
जमशेदपुर से भी भाजपाइयों की भारी भीड़ उनके स्वागत को पहुंची थी। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। रघुवर दास अपने भव्य स्वागत से अभिभूत दिखे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार जताया और काफिले के साथ धुर्वा स्थित अपने सरकारी आवास की ओर रवाना हुए।
इससे पहले एयरपोर्ट पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। जानकारी के मुताबिक, रघुवर दास शुक्रवार को जमशेदपुर रवाना होंगे। वहां भी उनके स्वागत की पुरजोर तैयारी की गई है।
वापसी के पूर्व झारखंड के 1000 आदिवासी बच्चों को घुमाया भुवनेश्वर स्थित राजभवन
भुवनेश्वर से विदाई के पूर्व रघुवर दास ने झारखंड के 1000 आदिवासी बच्चों को राजभवन की सैर कराई। दरअसल उन्होंने वादा किया था कि वे इन्हें राजभवन का दर्शन कराएंगे। एक्स पर पोस्ट कर उन्होंने इसकी जानकारी भी दी। उल्लेख किया कि केआइआइटी और केआइएसएस के लगभग 1000 बच्चों ने राजभवन का दौरा किया। ये सभी बच्चे झारखंड के आदिवासी समुदाय के हैं। मैंने इन बच्चों से राजभवन दिखाने का वादा किया था।
इसी क्रम में ये राजभवन के भ्रमण पर आए। इस दौरान बच्चों से कहा कि आगे बढ़ने के लिए बड़े सपने देखना जरूरी है। आप अपना लक्ष्य निर्धारित करें। उस दिशा में आगे बढ़ने और उसे हासिल करने के लिए प्रयत्न करें। समर्पित प्रयास ही सफलता की एकमात्र कुंजी है। मैं आप सभी के उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं।