JPSC-JSSC आंदोलन: 'छात्रों के आंसुओं ने मुझे यहां खींचा', स्टूडेंट के समर्थन में रांची पहुंच बोले पीयूष मिश्रा
अभिनेता पीयूष मिश्रा ने रांची में JPSC और JSSC परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया।

अभिनेता पीयूष मिश्रा। (PTI)
HighLights
पीयूष मिश्रा ने रांची में JPSC-JSSC छात्रों के आंदोलन को समर्थन दिया।
छात्रों के दर्द और संघर्ष को देखकर उनके साथ खड़े हुए।
अंकुर पाठक ने भी युवाओं के भविष्य के लिए समर्थन की अपील की।
एजेंसी, रांची। रांची में JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं तथा परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है।
इस विरोध प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए मशहूर अभिनेता और गायक पीयूष मिश्रा खुद धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे छात्रों के दर्द और संघर्ष को देखकर उनके साथ खड़े होने आए हैं।
प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे पीयूष मिश्रा ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि उन्होंने जब कुछ आंदोलनकारी छात्रों के इंटरव्यू देखे, तो उनकी आंखों में झलकते दर्द और आंसू देखकर वे खुद को रोक नहीं पाए।
उन्होंने कहा कि मैं किसी अन्य उद्देश्य से यहां नहीं आया हूं। छात्रों की स्थिति देखकर मुझे लगा कि मुझे उनके बीच होना चाहिए।
युवाओं के साथ अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए अभिनेता ने कहा कि वे छात्रों की मदद के लिए जो कुछ भी संभव होगा, करेंगे।
उन्होंने बताया कि उनकी ओर से आंदोलनकारियों के लिए भोजन, तिरपाल और यथासंभव आर्थिक सहायता पहले ही उपलब्ध कराई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि मैं युवाओं के लिए ही गाता और अभिनय करता हूं। अपनी क्षमता के अनुसार हम हर संभव मदद कर रहे हैं।
इससे पहले, शुक्रवार को बॉलीवुड गायक और संगीतकार अंकुर आर पाठक भी छात्रों के समर्थन में इस आंदोलन से जुड़े। उन्होंने कहा कि आज जो छात्र सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं, वे ही कल देश के भावी प्रशासनिक अधिकारी और नेता बनेंगे।
अंकुर पाठक ने की अपील
अंकुर पाठक ने पूरे देश के लोगों से छात्रों के पक्ष में आगे आने की अपील करते हुए कहा कि यह लड़ाई देश के युवाओं के भविष्य से जुड़ी है।
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि भविष्य में यही छात्र आईएएस, आईपीएस, मुख्यमंत्री या विधायक बनेंगे। अगर आज हम इनके साथ खड़े नहीं होंगे, तो अपनी आने वाली पीढ़ी को क्या जवाब देंगे? मैं सभी से इस आंदोलन का समर्थन करने का आग्रह करता हूं।
गौरतलब है कि रांची में प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और धांधली के खिलाफ छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं और प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
समाचार एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ।
यह भी पढ़ें- JPSC परीक्षा में गड़बड़ी का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, जनहित याचिका दाखिल
यह भी पढ़ें- रांची JPSC-JSSC प्रोटेस्ट: झारखंड BJP अध्यक्ष बोले- सरकार को नौकरी देने का अधिकार, छीनने का नहीं
