विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पवन साय बने झारखंड भाजपा के संगठन महामंत्री, सौदान सिंह की वापसी; कर्मवीर सिंह छत्तीसगढ़ स्थानांतरित

Published: Thu, 24 Sep 2026 03:27 PM (IST)

पवन साय को झारखंड भाजपा का नया संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया है, वहीं कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ भेजा गया ...और पढ़ें

छत्तीसगढ़ के संगठन महामंत्री को रांची और झारखंड वाले को रायपुर भेजा।

छत्तीसगढ़ के संगठन महामंत्री को रांची और झारखंड वाले को रायपुर भेजा।

HighLights

  1. पवन साय झारखंड भाजपा के नए संगठन महामंत्री बने।

  2. कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ भाजपा का संगठन महामंत्री बनाया गया।

  3. सौदान सिंह को झारखंड भाजपा का प्रभार पुनः सौंपा गया।

राज्य ब्यूरो, रांची। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने झारखंड भाजपा के संगठन महामंत्री के तौर पर पवन साय के नाम की घोषणा की है। पवन साय वर्तमान में छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठन महामंत्री थे। झारखंड के संगठन महामंत्री रहे कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ का संगठन महामंत्री बनाया गया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को देश भर के लिए संगठन महामंत्री के नामों की घोषणा की। इसके साथ ही राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सौदान सिंह को फिर से झारखंड भाजपा की जिम्मेदारी दी गई है। सौदान सिंह वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव के समय झारखंड के प्रभारी थे और उनका चुनावी रणनीति में बड़ा योगदान था।

नए बने संगठन महामंत्री पवन साय झारखंड की सीमा से सटे छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के रहने वाले हैं। भाजपा संगठन महामंत्री के तौर पर पार्टी के कार्यकर्ताओं का समन्वय और प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक रणनीति बनाने में पवन साय की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

साय ने की है प्रचारक से संगठन मंत्री तक की यात्रा

झारखंड भाजपा के नए संगठन महामंत्री बनाए गए पवन साय 1998 से 2006 तक छत्तीसगढ़ में जिला प्रचारक रहे। 2013 में उन्हें भाजपा ने संभाग का संगठन मंत्री बनाया। 2016 में पवन साय को छत्तीसगढ़ भाजपा का संगठन मंत्री बनाया गया। हाल ही में संपन्न बंगाल विधानसभा चुनावों में उन्हें 50 से अधिक विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई थी।

आदित्य साहू समेत दूसरे नेताओं ने दी बधाई

पवन साय के संगठन महामंत्री बनाए जाने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा समेत अन्य नेताओं ने बधाई दी है। आदित्य साहू ने कहा है कि पवन साय के लंबे सांगठनिक अनुभव का लाभ झारखंड भाजपा को मिलेगा।

bjp new list2

यह भी पढ़ें- झारखंड भाजपा को नई कमान, पहली बार राज्य में दो सह प्रभारी; प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा यूपी में दिखाएंगे जौहर