कोडरमा-हजारीबाग रूट पर 15 मीटर ओएचई तार काटने में चारी की FIR, लोको पायलट की सूझबूझ से टला हादसा
असामाजिक तत्वों द्वारा कोडरमा-हजारीबाग रेलखंड पर ओएचई तार काटने से ट्रेनों का परिचालन कई घंटों तक बाधित रहा। लोको पायलट ...और पढ़ें

10 से 15 मीटर ओएचई तार काटकर ले गए असामाजिक तत्व, हजारीबाग टाउन में अज्ञात पर प्राथमिकी।
HighLights
कोडरमा-हजारीबाग रेलखंड पर असामाजिक तत्वों ने ओएचई तार काटा।
मालगाड़ी के लोको पायलट की सतर्कता से टला बड़ा हादसा।
वंदे भारत समेत कई ट्रेनें प्रभावित, दो पैसेंजर ट्रेनें रद्द।
जागरण संवादाता, रांची। कोडरमा-हजारीबाग टाउन रेलखंड पर जवाहर घाट पुल के पास असामाजिक तत्वों ने करीब 10 से 15 मीटर ओएचई तार काट दिया। सोमवार सुबह मालगाड़ी के लोको पायलट की नजर टूटे तार पर पड़ी तो उसने तत्काल धनबाद रेल कंट्रोल को सूचना दी। लोको पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। रेलवे की ओर से हजारीबाग टाउन में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
सूचना मिलते ही रेल प्रशासन ने इस खंड पर परिचालन रोक दिया और मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त ओएचई को दुरुस्त करने का काम शुरू किया। ओएचई तार कटने से कोडरमा-हजारीबाग टाउन मार्ग पर कई घंटे तक रेल परिचालन प्रभावित रहा।
दो पैसेंजर ट्रेनों को रद करना पड़ा, जबकि रांची वंदे भारत एक्सप्रेस और आसनसोल-हटिया एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से चलाया गया। रेलकर्मियों की लगातार मशक्कत के बाद दोपहर करीब एक बजे इस रेलखंड पर परिचालन सामान्य हो सका।
सुबह मालगाड़ी के लोको पायलट ने देखा टूटा तार
बरही से कोडरमा की ओर आ रही मालगाड़ी के लोको पायलट ने सोमवार सुबह जवाहर घाट पुल के पास ओएचई तार को टूटा देखा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसने तत्काल इसकी सूचना धनबाद रेल कंट्रोल को दी। सूचना पूर्वाह्न करीब 10 बजे दी गई।
इसके बाद एहतियात के तौर पर इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया। मामले की जानकारी मिलते ही हजारीबाग आरपीएफ इंस्पेक्टर बाल गंगाधर मौके पर पहुंचे।
जांच के दौरान सामने आया कि करीब 10 से 15 मीटर ओएचई तार काटा गया है। प्रथमदृष्टया इसे असामाजिक तत्वों की करतूत माना जा रहा है। मामले में हजारीबाग टाउन में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कई विभागों की टीम पहुंची, दोपहर में बहाल हुआ परिचालन
घटना की सूचना मिलने के बाद धनबाद से आरपीएफ के सहायक कमांडेंट सुदीप कुमार घोष समेत धनबाद और कोडरमा कर्षण विभाग के अधिकारी तथा अन्य रेलकर्मी मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त तार को ठीक करने के लिए युद्धस्तर पर काम शुरू किया गया। रेलकर्मियों की मेहनत के बाद दोपहर करीब एक बजे ओएचई व्यवस्था बहाल की गई और इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन सामान्य हुआ।
वंदे भारत समेत कई ट्रेनों पर पड़ा असर
ओएचई तार कटने का सीधा असर सोमवार को कोडरमा और हजारीबाग टाउन होकर चलने वाली ट्रेनों पर पड़ा। रांची वंदे भारत एक्सप्रेस और आसनसोल-हटिया एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग गोमो होकर चलाया गया। 53371 कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर और 53372 बरकाकाना-कोडरमा पैसेंजर को रद करना पड़ा।
वहीं, 13514 आसनसोल-हटिया एक्सप्रेस हटिया से अपने निर्धारित समय दोपहर 2:45 बजे के बजाय करीब चार घंटे की देरी से रवाना हुई।
22350 पटना-वंदे भारत एक्सप्रेस भी प्रभावित रही।
यह ट्रेन रांची से अपने निर्धारित समय शाम 4:15 बजे के बजाय एक घंटे चार मिनट की देरी से रवाना हुई। ट्रेन करीब एक घंटे की देरी से शाम 7:16 बजे हजारीबाग टाउन और करीब 8:21 बजे कोडरमा पहुंची।
