विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'निशा भगत की मौत सुसाइड नहीं...', BJP को आदिवासी नेता की हत्या की आशंका; दारोगा की गिरफ्तारी और CBI जांच की मांग

Published: Sat, 07 Nov 2026 10:34 PM (GMT+05:30)

झारखंड में आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत पर घमासान। पूर्व सांसद समीर उरांव ने इसे हत्या बताते हुए CBI ...और पढ़ें

निशा भगत के अंतिम संस्कार में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल। फोटो X

निशा भगत के अंतिम संस्कार में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल। फोटो X

राज्य ब्यूरो, रांची। भाजपा एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा के पूर्व सदस्य समीर उरांव ने आदिवासी नेत्री निशा भगत की असामयिक मौत को आत्महत्या नहीं हत्या बताते हुए राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने इसकी सीबीआइ जांच की मांग की है।

शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता कर उन्होंने कहा कि निशा भगत एक निडर और संघर्षशील आदिवासी बेटी थीं। वो आदिवासी समाज की धर्म, संस्कृति, परंपरा, आस्था और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठा रही थीं।

अपनी मौत से पहले इंटरनेट मीडिया पर लाइव वीडियो जारी कर कुछ लोगों द्वारा मानसिक और सामाजिक प्रताड़ना तथा चरित्र हनन के गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

समीर उरांव ने कहा कि निशा भगत के वीडियो में राज्य सरकार, झारखंड पुलिस तथा अजय तिर्की सहित कुछ लोगों का नाम सामने आया है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक आदिवासी बेटी पुलिस से सुरक्षा मांग रही थी, तब प्रशासन ने उसकी शिकायतों को गंभीरता से क्यों नहीं लिया। उन्होंने अजय तिर्की सहित आरोपितों की भूमिका की जांच कर दोषी पाए जाने पर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

निशा भगत मामले में बड़ी साजिश की आशंका : बाबूलाल मरांडी

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गुमला पहुंचकर दिवंगत आदिवासी नेत्री निशा भगत को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की।

इस दौरान उन्होंने निशा भगत की मौत को लेकर राज्य की राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। मरांडी ने कहा कि राज्य में आज भयावह स्थिति पैदा हो गई है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है गुंडे, दलाल और माफिया समानांतर तंत्र चला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में भू-माफियाओं का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि आम लोगों और आदिवासियों की रैयती जमीन पर खुलेआम कब्जा किया जा रहा है। जमीन लूटी जा रही है और उसे बेचने-बेचवाने का खेल प्रशासनिक संरक्षण में चल रहा है।

निशा भगत प्रकरण पर गंभीर सवाल उठाते हुए मरांडी ने कहा कि इस पूरे मामले में बड़ी साजिश की आशंका है। इसकी निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाना बेहद जरूरी है। आत्महत्या से पूर्व निशा भगत द्वारा जिस पिठौरिया थाना के दारोगा, अजय तिर्की का नाम लिया गया है, उनकी तत्काल गिरफ्तारी होनी चाहिए।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया संज्ञान, भाजपा ने किया स्वागत

निशा भगत की आत्महत्या मामले पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा संज्ञान लिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि आयोग की यह पहल पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

रांची में वीरांगना निशा भगत की प्रतिमा लगेगी

गुमला जिले में निशा भगत के पैतृक गांव में उनकी अंत्येष्टि के बाद आदिवासी समाज के अगुवाओं ने बैठक कर निर्णय लिया की रांची में समाज की वीरांगना निशा भगत की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी। निर्णय लेने वाले में बबलू मुंडा, संदीप उरांव, मेधा उरांव, सोमा उरांव , सन्नी टोप्पो उरांव सहित कई लोग शामिल थे।

यह भी पढ़ें- बांग्लादेश-नेपाल वाले बयान पर मंत्री इरफान को मिला कांग्रेस का साथ, झारखंड में BJP नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज 

यह भी पढ़ें- सरकारी आवास कराया गया खाली, रात में टेंट लगाकर बाहर बैठीं झारखंड की पूर्व विधायक; कहा- दीवाली के दिन कहां जाऊं? 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।