विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जेएसएससी सीजीएल जालसाजी: CID ने 40 अभ्यर्थियों से जुटाए सबूत, 390 से पूरी हो चुकी है पूछताछ

Published: Wed, 09 Sep 2026 11:22 PM (IST)Updated: Thu, 10 Sep 2026 09:03 AM (IST)

सीआईडी की एसआईटी ने जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में कथित जालसाजी के सबूत जुटाने के लिए 40 सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ ...और पढ़ें

जालसाजी के आरोपों की पुष्टि के बाद अब तक नौ सफल अभ्यर्थी हो चुके हैं गिरफ्तार।

जालसाजी के आरोपों की पुष्टि के बाद अब तक नौ सफल अभ्यर्थी हो चुके हैं गिरफ्तार।

HighLights

  1. सीआईडी ने 40 सफल अभ्यर्थियों से जालसाजी के संबंध में पूछताछ की।

  2. अब तक कुल 390 अभ्यर्थियों से पूछताछ पूरी हो चुकी है।

  3. जेएसएससी सीजीएल मामले में 9 सफल अभ्यर्थियों सहित 12 गिरफ्तार।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) प्रतियोगिता परीक्षा में कथित पेपर लीक, अनियमितता व रुपयों के बल पर सीट बेचने के मामले की जांच कर रही सीआईडी की एसआइटी ने बुधवार को 40 सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ की। एसआइटी उनसे जालसाजी के सबूत जुटा रही है।

इस परीक्षा में कुल 1932 अभ्यर्थी सफल हुए थे, जिनमें से अब तक 390 अभ्यर्थियों से एसआईटी ने पूछताछ पूरी कर ली है। पूछताछ में जिन सफल अभ्यर्थियों के विरुद्ध वित्तीय लेन-देन व पेपर लीक से संबंधित सबूत मिलते जा रहे हैं, उन्हें एसआईटी गिरफ्तार करती जा रही है।

एसआईटी ने अब तक नौ सफल अभ्यर्थियों को गिरफ्तार कर लिया है। नए सिरे से जांच शुरू होने के बाद से अब तक इस प्रकरण में 12 आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं। इन आरोपितों से पूछताछ में जालसाजी के सिंडिकेट से जुड़े कई अन्य संदिग्धों की जानकारी भी मिली है, जिनका सत्यापन चल रहा है।

सत्यापन के क्रम में ही सफल अभ्यर्थियों को एसआईटी नोटिस भेज रही है और पूछताछ के लिए बुलाती जा रही है। बताया जा रहा है कि बहुत जल्द इस मामले में कई अन्य गिरफ्तारियां होंगी। इसपर काम चल रहा है और संदिग्धों के विरुद्ध सबूत जुटाए जा रहे हैं ताकि पुख्ता सबूतों के साथ उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

ईडी ने सीआईडी में दर्ज केस को भी अपने ईसीआईआर से जोड़ा

जेएसएससी सीजीएल से जुड़े नामकुम थाने में वर्ष 2024 में दर्ज कांड संख्या 45/2024 में पूर्व में ईडी ने इंफोर्समेंट केस इंफार्मेशन रिपोर्ट (ईसीआइआर) दर्ज की थी। नामकुम थाने के उक्त केस में सीआइडी ने एक जनवरी 2025 को सीआइडी थाना कांड संख्या 01/2026 दर्ज की थी। ईडी ने अपने पुराने ईसीआइआर में सीआइडी के उक्त केस को भी जोड़ लिया है।

ईडी ने जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले में अब तक हुई गिरफ्तारियां व जांच में सामने आए तथ्यों, कोर्ट में प्रस्तुत कागजातों को भी लिया है, जिसकी जांच चल रही है।

ईडी ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) में अनियमितता, ओएमआर शीट में हेराफेरी से जुड़े मेधा घोटाला मामले में दर्ज सीआइडी थाना कांड संख्या 16/2026 के आधार पर भी एक नया ईसीआइआर दर्ज किया था। इस प्रकार ईडी ने जेपीएसएसी व जेएसएससी से जुड़े दो अलग-अलग केस में ईसीआइआर दर्ज की है और पूरे मामले की जांच कर रही है।