JPSC घोटाला केस में CID का ताबड़तोड़ एक्शन, कोचिंग संचालक और दलालों से जुड़े 18 ठिकानों पर छापामारी
सीआईडी ने जेपीएससी परीक्षा अनियमितता मामले में रांची समेत 18 ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें कोचिंग संचालक, बिचौलिए और मास्टरमाइंड शामिल थे। छापेमारी म ...और पढ़ें
-1785771917793_m.webp)
HighLights
सीआईडी ने जेपीएससी अनियमितता मामले में 18 ठिकानों पर छापेमारी की।
कोचिंग संचालक, बिचौलिए और मास्टरमाइंड अभय तिवारी के ठिकानों पर रेड।
महत्वपूर्ण दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद; तीन आरोपी रिमांड पर।
राज्य ब्यूरो, रांची। जेपीएससी की परीक्षाओं में अनियमितता मामले की जांच कर रही सीआइडी ने सोमवार को रांची, पलामू, हजारीबाग, बोकारो व धनबाद के अलावा दूसरे राज्यों से जुड़े 18 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। ये ठिकाने कोचिंग संचालकों, बिचौलियों, मास्टरमाइंड व दलालों से जुड़े ठिकाने थे।
यहां से जेपीएससी परीक्षा में अनियमितता से संबंधित आवश्यक दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे लैपटॉप, मोबाइल, विभिन्न बैंकों के पासबुक, विभिन्न अभ्यर्थियों के ओएमआर शीट्स की कार्बन कापी, एडमिट कार्ड्स व मार्कशीट्स आदि की बरामदगी हुई है। सीआइडी सभी दस्तावेज का सत्यापन करेगी और संदिग्ध आरोपितों से पूछताछ करेगी।
इधर, सीआइडी ने जेपीएससी की परीक्षा संचालित कराने वाली एजेंसी मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के निदेशक रामवीर सिंह, मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज कुमार तिवारी व प्रोग्रामर उस्मान को रिमांड पर ले लिया है। उनसे पूछताछ जारी है।
आठ घंटे तक हुई जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से पूछताछ
सीआइडी ने जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से सोमवार को आठ घंटे तक पूछताछ की। यह चौथी बार था, जब एल. खियांग्ते से सीआइडी ने पूछताछ की है। उन्हें यह कहकर जाने दिया गया है कि रिमांड पर लिए गए टीडीपीएल के तीन पदाधिकारियों-कर्मियों से पूछताछ में कुछ और तथ्य सामने आएंगे तो उन्हें फिर पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।
खबरें और भी
यहां हुई है छापेमारी
- मेदिनीनगर और नौडीहा बाजार प्रखंड के गुलाबझरी गांव स्थित प्लस-टू विद्यालय में कार्यरत जेपीएससी से नियुक्त शिक्षक संतोष कुमार सिंह के मेदिनीनगर के हमीदगंज (बीएन कालेज रोड) स्थित आवास और नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के पैतृक घर
- मेदिनीनगर के बारालोटा (पांकी रोड) निवासी पारा शिक्षक रविशंकर कुमार के घर। स्वजन के अनुसार, संतोष कुमार सिंह चार दिन पहले घर से बाहर जाने की बात कहकर निकले थे और तब से घर नहीं लौटे हैं।
- धनबाद, रांची व बोकारो में जेपीएससी परीक्षा में बिचौलिया सानंद प्रकाश का आवास व अन्य ठिकाने थे, जहां सीआइडी ने छापेमारी की। बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-3 सी स्थित आवास संख्या 315 में सानंद प्रकाश के बंद आवास में ताला तोड़कर सीआइडी की टीम घुसी थी। वहां मजिस्ट्रेट व गवाहों की मौजूदगी में सीआइडी घर में दाखिल हुई थी।
- रांची के धुर्वा स्थित साइट-5 में रवि शंकर कुमार के आवास। रविशंकर रांची व पलामू के कोचिंग संस्थाओं में पढ़ाते हैं।
- रांची मे कोचिंग संस्थान से जुड़े आदित्य पांडेय के नामकुम स्थित आवास। सूचना मिली है कि आदित्य पांडेय की बहन ने भी जेपीएससी पीटी परीक्षा पास की है।
- धनबाद में कोचिंग संस्थान संचालक आदित्य पांडेय के सरायढेला स्थित फ्लैट। यहां से सीआइडी ने आदित्य पांडेय को हिरासत में लिया।
- हजारीबाग जिले में पूर्व में गिरफ्तार अभ्यर्थी सुमन सौरभ व एक अन्य अभ्यर्थी का ठिकाना। हजारीबाग के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पौता गांव में सीआइडी ने राजेंद्र यादव के घर। राजेंद्र यादव के बेटे प्रदीप यादव को सीआइडी ने हिरासत में लिया।
मास्टरमाइंड अभय कुमार तिवारी ने केंद्र व राज्य की एक दर्जन परीक्षाओं में हासिल की थी सफलता
जेपीएससी की परीक्षा संचालित कराने वाली एजेंसी मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) का मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज तिवारी जालसाजी के रैकेट का मास्टरमाइंड है। उसने केंद्र व राज्य की दर्जनभर परीक्षाओं में सफलता हासिल की थी। अभय तिवारी ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण की है।
वर्ष 2018 में पुलिस अवर निरीक्षक की लिखित परीक्षा, नेवी में एसएआर पद के लिए वर्ष 2013 में लिखित परीक्षा, भाभा एटामिक रिसर्च सेंटर में सहायक पद के लिए वर्ष 2014 में लिखित परीक्षा, IRB सिपाही की लिखित परीक्षा, वर्ष 2018 की सीआरपीएफ हेड कांस्टेबल की लिखित एवं टाइपिंग परीक्षा, वर्ष 2014 में नार्दन कोल फील्ड्स की पीटी परीक्षा, जेएसएससी की पीजीटी टीचर एवं सीजीएल परीक्षाएं, जेपीएससी की एसीएफ, एफआरओ, एफएसओ एवं 11वीं-13वीं की झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षाएं शामिल हैं।
इनका सत्यापन चल रहा है। इसके लिए संबंधित परीक्षाओं की भर्ती, परीक्षा आयोजन एजेेंसियों से अभियुक्त के अभ्यर्थित्व से संबंधित सभी दस्तावेज, आवेदन पत्र, दस्तावेज, मूल्यांकन दस्तावेज, चयन प्रक्रिया का विवरण व अन्य प्रासंकिक सूचनाएं, दस्तावेज अनुसंधान के लिए उपलब्ध कराने को कहा गया है।
अभय तिवारी के भाई अक्षय तिवारी की OMR शीट गायब
जेपीएससी परीक्षा संचालित कराने वाली एजेंसी टीडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज कुमार तिवारी के भाई अक्षय तिवारी ने भी 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा पास की है।
सीआइडी ने अक्षय तिवारी की ओएमआर शीट की मांग की तो वह उपलब्ध नहीं करा सका। उसने कहा कि उसकी ओएमआर शीट गायब हो गई है। सीआइडी को उसके तर्क संदिग्ध लगे हैं। इस मामले की भी जांच जारी है।
जेपीएससी परीक्षाओं में अनियमितता की शिकायत करने वालों ने दर्ज कराया बयान
जेपीएससी की परीक्षाओं में अनियमितता की शिकायत करने वालों ने भी सोमवार को अपना बयान दर्ज कराया। इनमें सर्वाधिक इनपुट व उपलब्ध साक्ष्य के साथ शिव शंकर शर्मा ने शिकायत की थी।
शिव शंकर शर्मा ने सीआइडी के जांच अधिकारी के सामने अपना बयान दर्ज कराया और यह भी बताया कि किस तरह जेपीएससी की परीक्षा में ओएमआर शीट में हेराफेरी कर योग्य अभ्यर्थियों को असफल व अयोग्य अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है।
सीआइडी ने करीब आधा दर्जन शिकायतकर्ताओं को नोटिस कर अपना बयान दर्ज कराने के लिए कहा था। ये वही शिकायतकर्ता हैं जिनकी शिकायत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सीआइडी को प्राथमिकी दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया था और मुख्यमंत्री के आदेश पर सीआइडी पूरे मामले की जांच कर रही है।