उत्तराखंड के चमोली सुरंग हादसे में झारखंड के एक श्रमिक की मौत, एक के फंसे होने की सूचना
उत्तराखंड के चमोली में निर्माणाधीन सुरंग हादसे में झारखंड के सात श्रमिक प्रभावित हुए हैं, जिसमें एक की मौत हो गई और एक अभी भी फंसा हुआ है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, जबकि पांच घायल श्रमिकों का इलाज चल रहा है।

उत्तराखंड के चमोली सुरंग हादसे में झारखंड के एक श्रमिक की मौत, एक के फंसे होने की सूचना (ANI)
HighLights
चमोली सुरंग हादसे में झारखंड के सात श्रमिक प्रभावित।
एक श्रमिक की मौत, विजय हांसदा की पहचान हुई।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
राज्य ब्यूरो, रांची। उत्तराखंड के चमोली में निर्माणाधीन सुरंग में गुरुवार की शाम हुए हादसे में झारखंड के भी सात श्रमिक प्रभावित हैं। एक श्रमिक की मौत हो गई है, जबकि एक के अभी भी फंसे होने की सूचना है। पांच श्रमिकों को चोटें आई थीं, जिनका वहां इलाज चल रहा है।
इस घटना की सूचना प्राप्त होते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए श्रमायुक्त कार्यालय द्वारा संचालित राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष को त्वरित कार्रवाई एवं अंतरराज्यीय समन्वय के निर्देश दिए।
इसके बाद राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर सार्वजनिक रूप से जारी किए गए, ताकि दुर्घटना में प्रभावित झारखंड के श्रमिकों के परिजनों एवं परिचितों को उनके स्वास्थ्य एवं स्थिति से संबंधित प्रामाणिक जानकारी निरंतर प्रदान की जा सके।
पूर्वी सिंहभूम जिले के डूगरिया प्रखंड अंतर्गत ग्राम पलसबनी निवासी विजय हांसदा की इस हादसे में मृत्यु हो गई है। मृतक के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक उनके पैतृक गांव पहुंचाने की कार्रवाई की जा रही है। एंबुलेंस के माध्यम से पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव के लिए रवाना किया जा रहा है।
दुर्घटना में झारखंड के कुल पांच श्रमिक घायल हुए हैं, जिनका इलाज निकटवर्ती अस्पतालों में चल रहा है। घायलों में खूंटी जिले के तपकरा निवासी हाबिल गुड़िया, तोरपा निवासी निथिर भिंगरा तथा सुरुने निवासी दीना बेगरा शामिल हैं, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं।
इसके अतिरिक्त गुमला जिले के कटकाही निवासी विनोद रावना का दाहिना पैर टूट गया है तथा पूर्वी सिंहभूम जिले के डूगरिया निवासी खेला राम बिसरा गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को त्वरित व समुचित चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
वर्तमान में सुरंग में फंसे तीन लापता श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। जानकारी के अनुसार, इन फंसे हुए श्रमिकों में से एक श्रमिक के झारखंड से होने की पुष्टि हुई है, जिनकी सटीक पहचान एवं सकुशल वापसी हेतु राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है।
वहीं दूसरी ओर, कंपनी द्वारा मृतक श्रमिक के पीड़ित परिवार को अंतिम संस्कार हेतु तत्काल आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी गई है।
इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा मृतक श्रमिक के पार्थिव शरीर को झारखंड लाने तथा पात्रता के अनुसार मुआवजा, बीमा राशि एवं अन्य वैधानिक सरकारी लाभ अविलंब उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- चमोली टनल हादसे के चश्मदीदों की खौफनाक आपबीती, बचाओ-बचाओ चिल्लाते रहे... जिंदगी की रोशनी देखी तो भगवान को किया याद
यह भी पढ़ें- चमोली सुरंग हादसा: अप्रैल में बजी थी शहनाई, अब उठेगी अर्थी; मां के बाद बेटे की मौत से मातम

