विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच पर मंडराया बारिश का खतरा, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Published: Fri, 09 Oct 2026 07:45 AM (IST)

रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच से पहले मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है। ...और पढ़ें

झारखंड का मौसम (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

झारखंड का मौसम (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच पर बारिश का खतरा।

  2. मौसम विभाग ने 9 अक्टूबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया।

  3. राज्य में 9 और 10 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश संभव।

जागरण संवाददाता, रांची। रांची समेत आसपास के जिलों में मौसम सुहाना है। खिली धूप से लोगों को राहत मिल रही है। पिछले दिनों हुई झमाझम वर्षापात से रांची का तापमान भी अपेक्षाकृत कम हुआ है। शुक्रवार को रांची के जेएससीए स्टेडियम में भारत-वेस्टइंडीज का टी-20 मैच आयोजित होगा। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों के बीच मौसम का हाल जानने की उत्सुकता भी बनी हुई है। 

मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि 9 अक्टूबर को राज्य में कहीं कहीं आकाशीय बिजली और 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा के बहने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। 

अधिकतम तापमान में कोई बदलाव की संभावना नहीं

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों तक यानी 11, 12 और 13 अक्टूबर से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। 

उन्होंने बताया कि 9 और 10 अक्टूबर को पूरे राज्य में आंशिक बादल छाए रहेंगे। उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, गिरिडीह, जामताड़ा, साहिबगंज के अलावा मध्य झारखंड यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद के कई हिस्सों के साथ साथ दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में कहीं कहीं हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है। 

राज्य में  हल्की व मध्यम दर्जे की बारिश

वहीं, पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में लगभग सभी स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई जबकि कहीं कहीं भारी वर्षा भी हुई। सबसे अधिक वर्षापात 74.6 मिमी दुमका के सरैयाहाट में रिकार्ड किया गया। 

सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस जगन्नाथपुर का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस लातेहार का रिकार्ड किया गया।वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम 28.6 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम 18.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

यह भी पढ़ें- IND vs WI: कई IPS और DSP की मैच में लगी ड्यूटी, सुबह 6 से रात 11 बजे तक रांची में बड़े वाहनों की नो-एंट्री