SIR Jharkhand: तीसरी बार बढ़ी अवधि, 23 नवंबर तक दावा-आपत्ति का निष्पादन, 30 नवंबर को अंतिम प्रकाशन
राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की अवधि तीसरी बार बढ़ाई गई है। अब दावा-आपत्ति का निष्पादन ...और पढ़ें

भारत निर्वाचन आयोग ने दी स्वीकृति, 30 नवंबर को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन।
HighLights
झारखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण की अवधि तीसरी बार बढ़ाई गई।
दावा-आपत्ति निष्पादन अब 23 नवंबर तक, अंतिम सूची 30 नवंबर।
10 अक्टूबर को विशेष मेगा हेल्प डेस्क, 12-16 अक्टूबर आउटरीच।
राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तीसरी बार अवधि बढ़ाई गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने इसकी स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके तहत दावा-आपत्ति का निष्पादन अब 23 नवंबर तक होगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 नवंबर को किया जाएगा।
एसआईआर के अवधि विस्तार की आयोग की स्वीकृति मिलने के बाद राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दे दी है।
अवधि विस्तार मिलने के बाद पहली एवं दूसरी सुनवाई का निष्पादन 22 अक्टूबर तक होगा। दस्तावेज समर्पित नहीं करनेवाले मतदाताओं की पहचान तथा सभी गैर नोटिस मामले का निष्पादन 31 अक्टूबर तक होगा।
मतदाता सूची में नाम सम्मिलित होने के लिए फार्म-6 के अलावा फार्म 6-ए, सात तथा आठ का निष्पादन भी 31 अक्टूबर तक होगा। 23 नंवबर तक सभी दावा एवं आपत्ति का निष्पादन होगा तथा 24 से 29 नवंबर तक मतदाता सूची के सभी पारामीटर की जांच की जाएगी। 30 नवंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।
10 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष मेगा हेल्प डेस्क
एसआइआर के तहत यह सुनिश्चित किया जाना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इस उद्देश्य से 10 अक्टूबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष मेगा हेल्प डेस्क तथा 12 से 16 अक्टूबर तक विशेष आउटरीच अभियान आयोजित किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने गुरुवार को सभी जिलों के जिला सामाजिक सुरक्षा/समाज कल्याण पदाधिकारियों एवं उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर एसआइआर के तहत अभी भी छुटे हुए पात्र भारतीय नागरिकों, कमजोर एवं वंचित वर्गों को विशेष सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि 10 अक्टूबर के मेगा हेल्प डेस्क में एसआइआर से संबंधित लंबित मामलों, नो मैपिंग एवं तार्किक विसंगतियों से जुड़े मामलों में पात्र नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के बीएलए 2 अपने क्षेत्र के मतदाताओं को यदि किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता है, तो उसे बीएलओ एवं बीएलए-2 की बैठक में अवश्य रखें, ताकि तदनुसार आवश्यक समन्वय की जा सके।
उन्होंने कहा कि 12 से 16 अक्टूबर 2026 तक विशेष आउटरीच अभियान के दौरान बीएलओ एवं संबंधित पदाधिकारी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, ट्रांसजेंडर, सेक्स वर्कर तथा अन्य कमजोर एवं वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों तक स्वयं पहुंचेंगे और उन्हें दस्तावेज, सत्यापन तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग देंगे।
