जयराम महतो के खिलाफ झारखंड पुलिस एसोसिएशन की STF शाखा भी एकजुट, केंद्रीय कमेटी के फैसले का देगी पूरा समर्थन
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने विधायक जयराम महतो के खिलाफ कार्रवाई पर धनबाद के एसएसपी से 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी ...और पढ़ें

धनबाद एसएसपी को 24 घंटे का अल्टिमेटम।
HighLights
पुलिस एसोसिएशन ने विधायक जयराम महतो पर रिपोर्ट मांगी।
बरवाअड्डा थानेदार से दुर्व्यवहार का मामला, एसोसिएशन सख्त।
राज्य ब्यूरो, रांची। धनबाद के बरवाअड्डा थानेदार रवि कुमार से फोन पर गाली-गलौज करने, थाने में घुसकर थानेदार से दुर्व्यवहार करने के आरोपित विधायक जयराम कुमार महतो के विरुद्ध अब तक हुई कार्रवाई के मामले में एसोसिएशन ने धनबाद के एसएसपी से 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट मांगी है।
झारखंड पुलिस एसोसिएशन की केंद्रीय कमेटी ने धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार को पत्र लिखकर पूछा है कि बरवाअड्डा थाने में 22 अगस्त को कांड संख्या 146/2026 में अब तक क्या कार्रवाई हुई है।
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने यह पत्र लिखा है और उन्होंने पत्र में बताया है कि एसोसिएशन ने 26 अगस्त को भी एसएसपी धनबाद को पत्र लिखकर उक्त प्राथमिकी में पांच दिनों के भीतर विधायक जयराम कुमार महतो व अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रक्रिया को अविलंब पूरा करने को कहा था।
तब एसोसिएशन ने यह भी कहा था कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो झारखंड पुलिस एसोसिएशन राज्य की सभी शाखाओं के पदाधिकारी एवं सदस्यों की भावना व उनकी मांगों के साथ-साथ पुलिसकर्मियों के सभी विषयों को लेकर आंदोलन पर जाएगी।
झारखंड पुलिस एसोसिएशन की एसटीएफ शाखा के पदाधिकारियों की बैठक
विधायक जयराम कुमार महतो के खिलाफ झारखंड पुलिस एसोसिएशन की एसटीएफ शाखा के पदाधिकारियों ने बैठक किया। एसटीएफ शाखा ने केंद्रीय समिति के हर निर्णय का पूर्ण समर्थन करने का भरोसा दिया है। शाखा के पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्रीय कमेटी जयराम महतो के विरुद्ध जो भी निर्णय लेगी, एसटीएफ शाखा उसका पूरी तरह साथ देगी।
एसएसपी के जवाब के बाद एसोसिएशन लेगा कोई निर्णय
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने पत्र में बताया है कि 24 घंटे के भीतर एसएसपी का जवाब मिलने के बाद एसोसिएशन अपने आंदोलन संबंधित आगे की जाने वाली कार्रवाई के संबंध में निर्णय पर विचार करेगा। एसोसिएशन का कहना है कि विधायक जयराम कुमार महतो ने संसदीय व्यवस्था के प्रतिकुल आचरण किया है।
उन्होंने थानेदार के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, उनके कार्यालय में उनसे दुर्व्यवहार किया, जो कहीं से भी उचित नहीं है। उन्होंने एक जिम्मेदार पद पर रहते हुए अशोभनीय हरकत की है और इसी मामले में बरवाअड्डा थाने में उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
