झारखंड के 3 विश्वविद्यालयों को मिले नए कुलपति, डॉ. ईला संभालेंगी जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की कमान
राज्यपाल सह कुलाधिपति ने झारखंड के तीन विश्वविद्यालयों में नए कुलपतियों की नियुक्ति की है। डॉ. ईला कुमार जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय, डॉ. राजीव मनोहर ...और पढ़ें

डॉ. ईला संभालेंगी जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की कमान

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, रांची। राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने राज्य के तीन विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति कर दी है। इसके तहत इंदिरा गांधी दिल्ली तकनीकी विश्वविद्यालय, दिल्ली की प्राध्यापक डॉ. ईला कुमार जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की कुलपति नियुक्त हुई हैं।
इसी तरह, लखनऊ विश्वविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. राजीव मनोहर रांची के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के कुलपति के पद पर नियुक्ति की गई है। वहीं, नालंदा विश्वविद्यालय के प्राध्यापक सह डीन डॉ. अभय कुमार सिंह झारखंड राज्य मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति नियुक्त हुए हैं।
राज्यपाल सह कुलाधिपति द्वारा इन तीनों विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति की अधिसूचना उनके अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी ने मंगलवार को जारी कर दी। इन कुलपतियों की नियुक्ति सर्च कमेटी द्वारा उपलब्ध कराए गए पैनल से की गई है।
इनकी नियुक्ति योगदान की तिथि से तीन वर्ष के लिए या राज्यपाल की इच्छा तक के लिए की गई है। साथ ही उन संस्थानों से विजिलेंस क्लीयरेंस ली जाएगी, जहां ये वर्तमान में कार्यरत हैं। बता दें कि तीनों विश्वविद्यालयों में कुलपति के पद लंबे समय से रिक्त थे। इन पदों पर प्रभार से काम चलाया जा रहा था।
खबरें और भी
अंतरराष्ट्रीय अकादमिक मानक के रूप में विकसित करने की प्राथमिकता : डॉ. ईला
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की कुलपति के पद पर नियुक्त डॉ. ईला कुमार ने दैनिक जागरण से फोन पर बातचीत के क्रम में अपनी प्राथमिकता बताई। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को अंतरराष्ट्रीय अकादमिक मानक के रूप में विकसित किया जाएगा।
आईआईटी, रुड़की से बीटेक तथा एमटेक तथा दिल्ली विश्वविद्यालय से पीएचडी करनेवाली डॉ. ईला कुमार ने कहा कि वे विश्वविद्यालय की छात्राओं के सामाजिक-आर्थिक विकास की दिशा में काम करेंगी। उनका प्रयास हो कि विश्वविद्यालय में छात्राओं को ऐसी शिक्षा मिले, जिससे वे आत्मनिर्भर और सशक्त हो सकें।
डॉ. ईला वर्तमान में इंदिरा गांधी दिल्ली तकनीकी विश्वविद्यालय, दिल्ली में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की प्राध्यापक हैं। इनका रिसर्च एरिया आंटोलाजी डवलपमेंट, एक्सपर्ट सिस्टम डवलपमेंट तथा सेमैंटिक वेब टेक्नोलॉजी है। उन्होंने डेनमार्क के आरहस यूनिवर्सिटी से पोस्ट डॉक्टोरेट उपाधि प्राप्त की है।
विश्वविद्यालय में उत्तम शैक्षणिक माहौल की पुनर्स्थापना : डॉ. राजीव
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के कुलपति पद पर नियुक्त डॉ. राजीव मनोहर ने कहा कि विश्वविद्यालय में उत्तम शैक्षणिक माहौल कायम करना उनकी प्राथमिकता होगी। दैनिक जागरण से फोन पर बातचीत के क्रम में उन्होंने कहा कि मूल विषयों में शोध को बढ़ावा दिया जाएगा। छात्रों, शिक्षकों व कर्मचारियों की सभी समस्याओं का उचित समाधान किया जाएगा।
प्रो. राजीव मनोहर ने पिछले 32 सालों से लिक्विड क्रिस्टल के कैरेक्टराइजेशन और एप्लीकेशन पर काम किया है। वे पिछले 25 वर्षों से डोप्ड लिक्विड क्रिस्टल पर काम कर रहे हैं। उनके डाई डोप्ड फेरोइलेक्ट्रिक और नेमैटिक लिक्विड क्रिस्टल सिस्टम के बेहतर आप्टिकल सेल्फ अलाइनमेंट और ऑप्टिकल स्विचिंग ने शोधकर्ताओं का बहुत ध्यान खींचा है।
उन्होंने 300 से अधिक पेपर प्रकाशित किए हैं और 15 स्पॉन्सर्ड रिसर्च प्रोजेक्ट पूरे किए हैं। उन्हें वर्ष 2002 में इंडियन साइंस कांग्रेस एसोसिएशन से यंग साइंटिस्ट के अलावा कई अन्य अवार्ड मिले हैं। उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से वर्ष 2018 में सरस्वती सम्मान दिया गया।