झारखंड में पारा शिक्षकों के लिए होनेवाली सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा की प्रक्रिया स्थगित, कल से भरे जाने थे फार्म
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने पारा शिक्षकों के लिए सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया तकनीकी सुधार के कारण फिलहाल स्थगित कर दी ह ...और पढ़ें

शुक्रवार से भरे जाने थे ऑनलाइन फार्म, गुरुवार को स्थगित किए जाने की सूचना प्रकाशित।
HighLights
सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन फिलहाल स्थगित।
आवेदन सॉफ्टवेयर में तकनीकी सुधार लंबित होने से प्रक्रिया रुकी।
इंटरमीडिएट स्तरीय परीक्षा के आवेदन 5 अगस्त से भरे जाएंगे।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने पारा शिक्षकों के लिए विशेष रूप से आयोजित होनेवाली झारखंड प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026 के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया फिलहाल स्थगित कर दी है।
आयोग ने गुरुवार को इस संबंध में सूचना प्रकाशित कर दी है। इस प्रतियोगिता परीक्षा के लिए 31 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू होनेवाली थी। आवेदन संबंधी साफ्टवेयर में तकनीकी सुधार लंबित रहने के कारण फिलहाल आनलाइन आवेदन स्वीकार करने की प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से स्थगित की गई है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन आवेदन शुरू करने की संशोधित तिथि जल्द ही जारी की जाएगी। आयोग ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिया है कि वे नई तिथि और अन्य अपडेट के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट एवं सूचनाओं पर नजर बनाए रखें।
इंटरमीडिएट स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के आवेदन की तिथियां
इधर, आयोग ने झारखंड इंटरमीडिएट स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026 के लिए ऑन्नलाइन आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक तकनीकी सुधार के कारण आवेदन से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण तिथियों में संशोधन किया है।
पहले आवेदन की प्रक्रिया 20 जुलाई से 19 अगस्त तक निर्धारित थी। अब संशोधित कार्यक्रम के तहत ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन पांच अगस्त से शुरू होकर चार सितंबर तक होंगे।
परीक्षा शुल्क का भुगतान, फोटो एवं हस्ताक्षर अपलोड करने और आवेदन पत्र का प्रिंटआउट लेने की अंतिम तिथि पांच सितंबर निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र में संशोधन के लिए छह से आठ सितंबर तक लिंक उपलब्ध रहेगा।
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले विज्ञापन में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, स्थानीय निवासी, दिव्यांगता सहित सभी पात्रता शर्तों की अच्छी तरह जांच कर लें। साथ ही आवेदन की अंतिम तिथि तक सभी आवश्यक वैध प्रमाण-पत्र अपने पास उपलब्ध रखना सुनिश्चित करें।