विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची पहुंचे भारत और वेस्टइंडीज के खिलाड़ी, ईशान ने सुनी ‘हाजीपुर-हाजीपुर’ की पुकार; फैन को दिया ऑटोग्राफ

Published: Thu, 08 Oct 2026 08:00 AM (IST)

रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच को लेकर उत्साह बढ़ गया है, जहां होटल पहुंचने पर खिलाड़ियों की एक झलक पाने ...और पढ़ें

हाजीपुर के फैन की आवाज सुनकर ईशान किशन खुद पहुंचे पास, दिया ऑटोग्राफ। जागरण

हाजीपुर के फैन की आवाज सुनकर ईशान किशन खुद पहुंचे पास, दिया ऑटोग्राफ। जागरण

HighLights

  1. रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 को लेकर क्रिकेट का रोमांच बढ़ा।

  2. ईशान किशन ने हाजीपुर के प्रशंसक को जन्मदिन पर ऑटोग्राफ दिया।

  3. गुरुवार को जेएससीए स्टेडियम में अभ्यास करेंगी भारत और वेस्टइंडीज की टीमें।

जागरण संवाददाता, रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच नौ अक्टूबर को रांची में होने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले को लेकर शहर में क्रिकेट का रोमांच बढ़ गया है। बुधवार शाम दोनों टीमें होटल रेडिशन ब्लू पहुंचीं तो खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों का हुजूम उमड़ पड़ा।

होटल के दोनों ओर बैरिकेडिंग के पीछे बड़ी संख्या में प्रशंसक घंटों से खिलाड़ियों के आने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही भारतीय खिलाड़ी बस से उतरने लगे, मोबाइल कैमरे निकल आए और पसंदीदा क्रिकेटरों के नाम से परिसर गूंज उठा। ईशान किशन और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को देखने के लिए प्रशंसकों में खास उत्साह रहा।

शाम में पहुंचे जेएससीए स्टेडियम

होटल से शाम करीब 6.30 बजे ईशान और वैभव जेएससीए स्टेडियम पहुंचे। कुछ देर ग्राउंड को देखा। दोनों करीब एक घंटे तक स्टेडियम में रहे और अपने फैन से मिले। इसके बाद होटल के लिए रवाना हो गए।

team india

‘हाजीपुर-हाजीपुर’ सुनकर फैन के पास पहुंचे ईशान

होटल पहुंचने के दौरान भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने अपने एक प्रशंसक को खास तोहफा दिया। हाजीपुर निवासी विशाल कुमार होटल के बाहर खड़े होकर लगातार ‘हाजीपुर-हाजीपुर’ पुकार रहे थे। आवाज ईशान तक पहुंची तो वह खुद विशाल के पास चले गए और उन्हें आटोग्राफ दिया।

विशाल ने बताया कि बुधवार को उनका जन्मदिन भी था। जन्मदिन के दिन ईशान से मिला ऑटोग्राफ उनके लिए यादगार बन गया। ईशान के इस अंदाज ने वहां मौजूद अन्य प्रशंसकों का भी उत्साह बढ़ा दिया।

खिलाड़ी उतरते रहे, मोबाइल कैमरे चलते रहे

दोनों टीमों के होटल पहुंचने से काफी पहले ही प्रशंसक वहां जुट गए थे। बैरिकेडिंग के पीछे खड़े प्रशंसक खिलाड़ियों के बाहर निकलने का इंतजार करते रहे। बस रुकते ही मोबाइल फोन के कैमरे शुरू हो गए। ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर समेत अन्य खिलाड़ियों को देखने के लिए प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह रहा। खिलाड़ी जैसे ही बस से उतरते, प्रशंसक उनके नाम के नारे लगाने लगते।

ishan kishan

भारी सुरक्षा के बीच एयरपोर्ट से होटल पहुंचीं टीमें

दोनों टीमें बुधवार शाम करीब 3:30 बजे एक ही चार्टर्ड विमान से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचीं। खिलाड़ियों के स्वागत के बाद करीब 3:45 बजे दोनों टीमें एयरपोर्ट से होटल रेडिशन ब्लू के लिए रवाना हुईं। भारी सुरक्षा के बीच शाम 4:06 बजे टीमों का काफिला होटल पहुंचा। भारतीय टीम की बस पहले होटल पहुंची।

खिलाड़ी एक-एक कर बस से उतरे और अपना सामान लेकर अंदर गए। खिलाड़ियों को सामान निकालने में करीब चार से पांच मिनट लगे। काफिले के गुजरने के दौरान आसपास का यातायात करीब आधे घंटे तक रोका गया।

ishan kishan

आज जेएससीए में अभ्यास करेंगी दोनों टीमें

मैच से पहले गुरुवार को दोनों टीमें जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में अभ्यास करेंगी। दोपहर करीब डेढ़ बजे वेस्टइंडीज की टीम अभ्यास के लिए मैदान पर उतरेगी, इसके बाद शाम पांच बजे भारतीय टीम अभ्यास करेगी। दोनों टीमों के लिए तीन-तीन घंटे के अभ्यास सत्र निर्धारित किए गए हैं।

रात नौ बजे दृश्यम-3 देखने पहुंचे भारतीय खिलाड़ी

रात नौ बजे को शो देखने के लिए भारतीय खिलाड़ी रातू रोड स्थित मॉल ऑफ रांची पहुंचे। यहां टीम के खिलाड़ी अजय देवगन की फिल्म दृश्यम-3 देखी और देर रात होटल लौटे। 

यह भी पढ़ें- भारत-वेस्टइंडीज मैच से पहले रांची की फ्लाइट महंगी, बाहर से आने वालों की जेब पर बढ़ा बोझ  

यह भी पढ़ें- रांची में 9 अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज टी-20 के दिन हो सकती है बारिश, छाए रहेंगे बादल