झारखंड सरकार ने बाढ़ पीड़ित असम को दी 3 करोड़ की मदद, हेमंत सोरेन ने लिखा भावुक लेटर
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए 3 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी है। ...और पढ़ें
-1786035844901_m.webp)
झारखंड सीएम हेमंत सोरेन। (फाइल फोटो)
HighLights
हेमंत सोरेन ने असम बाढ़ पीड़ितों को 3 करोड़ रुपये दिए।
यह सहायता मानवीय संवेदना और नैतिक दायित्व के तहत दी गई।
झारखंड के नागरिकों से भी मदद की अपील की गई।
जागरण संवादादता, रांची। राजनीतिक मतभेदों से इतर मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा शासित असम को तीन करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी है।
यह राशि असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की राहत और पुनर्वास के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष, असम में भेजी गई है। इस संबंध में हेमंत सोरेन ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिश्वा शर्मा को पत्र भी लिखा है।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि असम इस समय विनाशकारी बाढ़ से जूझ रहा है। बाढ़ में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है और हजारों परिवार बेघर हो गए हैं।
ऐसे कठिन समय में असम के लोगों के साथ खड़ा होना सभी राज्यों का नैतिक दायित्व है। इसी भावना के साथ झारखंड सरकार ने तीन करोड़ रुपये की सहायता देने का निर्णय लिया है।

हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार और राज्य के नागरिक असम के बाढ़ प्रभावित लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि राहत एवं पुनर्वास कार्यों में भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर झारखंड हरसंभव सहयोग करेगा।
झारखंडवासियों से भी की मदद की अपील
मुख्यमंत्री ने राज्य के सक्षम नागरिकों से भी अपील की है कि वे आगे बढ़कर असम के बाढ़ पीड़ितों की सहायता करें। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय मानवता सबसे बड़ी पहचान होती है और सभी को मिलकर संकटग्रस्त लोगों का साथ देना चाहिए।
मां कामाख्या से की प्रार्थना
अपने पत्र में मुख्यमंत्री ने मां कामाख्या से प्रार्थना की कि असम जल्द इस आपदा से उबरकर सामान्य स्थिति में लौटे। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति झारखंड की जनता की ओर से गहरी संवेदना व्यक्त की।
उधर, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिश्वा शर्मा ने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड सरकार का आभार व्यक्त किया है।
यह भी पढ़ें- 'सीना चीरकर नहीं दिखा सकते...', रांची में JPSC प्रोटेस्ट पर बोले CM हेमंत सोरेन