झारखंड में रेल कनेक्टिविटी पर मंथन: हटिया-सांकी ट्रेन का होगा विस्तार, नई मेमू और एक्सप्रेस का भी प्रस्ताव
धनबाद में पूर्व मध्य रेलवे की बैठक में झारखंड की रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने पर चर्चा हुई। हटिया-सांकी ट्रेन को बरकाकाना तक बढ़ाने पर सहमति बनी, जिससे ...और पढ़ें

हटिया-सांकी ट्रेन। फाइल फोटो
HighLights
धनबाद में पूर्व मध्य रेलवे की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।
हटिया-सांकी ट्रेन का बरकाकाना तक विस्तार करने पर सहमति।
रांची को राज्य के विभिन्न जिलों से बेहतर रेल संपर्क मिलेगा।
जागरण संवाददाता, रांची। धनबाद में आयोजित पूर्व मध्य रेलवे की महत्वपूर्ण बैठक में झारखंड की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने, विशेषकर राजधानी रांची को राज्य के विभिन्न जिलों से बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई।
बैठक में लोकसभा और राज्यसभा सदस्य के साथ पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक, धनबाद मंडल के रेल प्रबंधक तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता सांसद बीडी राम ने की।
बैठक में राज्यसभा सदस्य डॉ. प्रदीप वर्मा की ओर से उनके प्रतिनिधि अरुण जोशी ने रांची और राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क बेहतर बनाने से जुड़े कई प्रस्ताव रखे।
इन रेल प्रस्तावों पर हुई चर्चा
उन्होंने रांची से हजारीबाग टाउन के बीच मेसरा और बरकाकाना होकर नई मेमू अथवा एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग की। इसके अलावा कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन का विस्तार रांची तक करने, हटिया-सांकी ट्रेन को बरकाकाना तक बढ़ाने, डाल्टनगंज-गढ़वा रोड से टोरी और लोहरदगा होकर रांची के लिए नई मेमू अथवा एक्सप्रेस ट्रेन चलाने, मेसरा स्टेशन को टर्मिनल के रूप में विकसित करने तथा हजारीबाग टाउन में कोचिंग डिपो के निर्माण कार्य में तेजी लाने का भी प्रस्ताव दिया।
बैठक में कहा गया कि इन प्रस्तावों के लागू होने से रांची, हजारीबाग, पलामू, गढ़वा, लोहरदगा और बरकाकाना क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी तथा राज्य के आंतरिक इलाकों की राजधानी से सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
हटिया-सांकी ट्रेन के विस्तार पर सहमति
पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने राज्यसभा सदस्य डॉ. प्रदीप वर्मा के प्रस्ताव पर हटिया-सांकी ट्रेन का बरकाकाना तक विस्तार करने पर सहमति जताई। उन्होंने इस संबंध में रांची रेल मंडल को आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाने का निर्देश देने की बात कही।
साथ ही, अन्य प्रस्तावों पर भी मुख्यालय स्तर पर विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में झारखंड के विभिन्न संसदीय क्षेत्रों के सांसद एवं उनके प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े रेल विकास के मुद्दे उठाए और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।