झारखंड के करकट्टा जंगल से 200 टन अवैध कोयला बरामद, CISF और मैकलुस्कीगंज पुलिस ने की कार्रवाई
सीआईएसएफ और मैकलुस्कीगंज पुलिस ने करकट्टा जंगल में संयुक्त अभियान चलाकर लगभग 200 टन अवैध कोयला बरामद किया और कई खनन मुहानों को ध्वस्त किया। ...और पढ़ें
-1783889801210_m.webp)
पुलिस और सीआईएसएफ ने की कार्रवाई। (जागरण)
HighLights
सीआईएसएफ-पुलिस ने करकट्टा जंगल में 200 टन अवैध कोयला पकड़ा।
अवैध खनन के कई मुहानों को ध्वस्त किया गया।
एनके क्षेत्र में यह अब तक का सबसे बड़ा अभियान।
जागरण संवाददाता, मैकलुस्कीगंज। सीसीएल एनके एरिया में अवैध कोयला खनन एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईएसएफ एवं मैकलुस्कीगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में रविवार को करकट्टा जंगल क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सर्च अभियान चलाकर लगभग 200 टन अवैध कोयला बरामद किया गया।
साथ ही अवैध खनन के कई मुहानों को भी ध्वस्त कर दिया गया। इसे एनके क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा अभियान माना जा रहा है।
गुप्त सूचना के आधार पर सीआईएसएफ एवं मैकलुस्कीगंज पुलिस ने संयुक्त रूप से जंगल के भीतर अभियान चलाया, जहां अवैध कोयला खनन का भंडाफोड़ हुआ।
कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अवैध कोयला बरामद किया गया, जिसे जब्त करने की प्रक्रिया की जा रही थी। इस बड़ी कार्रवाई से अवैध खनन एवं कोयला तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
अभियान में सीआईएसएफ के लगभग 70 जवान शामिल रहे। अभियान का नेतृत्व सीआईएसएफ कमांडेंट अमित कुमार के निर्देशन में किया गया।
संयुक्त कार्रवाई में सीसीएल एनके एरिया के महाप्रबंधक अमिताभ कुमार तिवारी, उप कमांडेंट दिनेश कुमार, उप कमांडेंट अजय कुमार पाण्डेय, सहायक कमांडेंट हर्ष लवानिया, सहायक कमांडेंट मनोहर बरवाहा, निरीक्षक रणजीत, निरीक्षक रश्मि, निरीक्षक पी.के. झा, सीसीएल के परियोजना पदाधिकारी, एरिया सिक्योरिटी ऑफिसर नीतीश झा तथा मैकलुस्कीगंज थाना के एसआई डेगन कुमार सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे।
सीआईएसएफ कमांडेंट अमित कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा सीआईएसएफ की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध कोयला खनन, चोरी एवं तस्करी किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अभियान केवल सीसीएल परियोजनाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अवैध खनन के प्रत्येक स्रोत की पहचान कर उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने अथवा अवैध खनन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान और व्यापक स्तर पर चलाए जाएंगे।
लगातार सक्रिय है पुलिस
मैकलुस्कीगंज थाना प्रभारी धनंजय बैठा ने कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन, कोयला चोरी एवं अन्य अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित रूप से छापेमारी एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर सख्त एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीआईएसएफ एवं मैकलुस्कीगंज थाना पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध खनन के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण एवं निर्णायक कदम माना जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन एवं सीसीएल प्रबंधन ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि अवैध खनन, कोयला चोरी एवं तस्करी के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेंगे।
यह भी पढ़ें- झारखंड में सीओ की गिरफ्तारी पर प्रशासनिक सेवा संघ ने खोला मोर्चा, ACB की कार्रवाई पर सवाल