विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रीजनल पे एंड अकाउंट्स के 3 अफसर ₹48400 की रिश्वत लेते गिरफ्तार, CBI ने रांची-धनबाद में 5 ठिकानों पर मारा छापा

Published: Thu, 27 Aug 2026 07:22 PM (IST)Updated: Thu, 27 Aug 2026 09:02 PM (IST)

सीबीआई ने रांची और धनबाद में 5 ठिकानों पर छापामारी कर ₹48,400 की रिश्वत लेने के आरोप में रीजनल पे एंड अकाउंट्स कार्यालय के तीन अधिकारियों को गिरफ्तार किया है।

सीबीआई की रांची-धनबाद में छापामारी। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

सीबीआई की रांची-धनबाद में छापामारी। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. केंद्रीय गृह मंत्रालय की यह संस्था एनआईए, सीआईएसएफ और एनसीबी का देखती है अकाउंट्स

  2. CISF के हवलदार का टीए व बच्चों की शिक्षा अलाउंस बिल प्रोसेस करने के एवज में मांगी थी रिश्वत

  3. रांची व धनबाद में आरोपितों से जुड़े पांच ठिकानों पर देर रात तक चलती रही सीबीआई की छापामारी

राज्य ब्यूरो, रांची। सीबीआई की रांची स्थित भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने रांची के डोरंडा स्थित रीजनल पे एंड अकाउंट्स कार्यालय के तीन लेखा अधिकारियों को गुरुवार को 48,400 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।

रीजनल पे एंड अकाउंट्स कार्यालय केंद्रीय गृह मंत्रालय की संस्था है, जो एनआईए, सीआईएसएफ व एनसीबी का अकाउंट्स देखती है।

गिरफ्तार लेखा अधिकारियों में सीनियर अकाउंट अधिकारी संतोष कुमार महतो, सहायक अकाउंट अधिकारी सुनील कुमार व सहायक अकाउंट अधिकारी सुजीत कुमार सिंह शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपितों से जुड़े रांची व धनबाद स्थित पांच ठिकानों पर देर रात तक छापामारी जारी रही। समाचार लिखे जाने तक छापामारी में 10-12 लाख रुपये नकदी, जेवरात, जमीन के कागजात व लाकर के डिटेल्स आदि मिले थे, जिनका सत्यापन चल रहा था।

Ranchi News 1

सीआईएसएफ के हवलदार ने की थी शिकायत

शिकायतकर्ता सीआईएसएफ के एक हवलदार हैं, जो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित नेशनल थर्मल पावर स्टेशन (एनटीपीसी) में पदस्थापित हैं।

आरोप है कि उनकी यात्रा भत्ता (टीए) व बच्चों के शैक्षणिक भत्ता के बिल प्रोसेस करने व उसके भुगतान के एवज में उनसे रिश्वत मांगी गई थी।

Ranchi News 2

उन्होंने इसकी शिकायत सीबीआई में की थी। सीबीआई ने उस सूचना का सत्यापन किया और उसके बाद इस मामले में सीबीआई की रांची स्थित भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) में प्राथमिकी दर्ज की।

प्राथमिकी दर्ज करने के बाद सीबीआई ने गुरुवार को डोरंडा स्थित रीजनल पे एंड अकाउंट्स आफिस में जाल बिछाया और तीनों ही अधिकारियों को रंगे हाथ मौके पर ही पकड़ लिया। रिश्वत की राशि की भी जब्त की गई है।

Ranchi News 3

कल तीनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा

गिरफ्तार तीनों ही आरोपितों की निशानदेही पर उनके रांची व धनबाद स्थित पांच ठिकानों पर गुरुवार की देर रात तक तलाशी अभियान चलती रही। तीनों ही आरोपितों को सीबीआई शुक्रवार को रांची स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में पेश करेगी।

इन आरोपितों से जुड़े अन्य सहयोगियों के बारे में भी सीबीआई जानकारी जुटा रही है। सीबीआई को आशंका है कि रिश्वतखोरी के इस मामले में रीजनल पे एंड अकाउंट्स के अन्य अधिकारी भी शामिल हो सकते हैं। इसकी जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही अन्य आरोपितों पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

यह भी पढ़ें- झारखंड शराब घोटाला: सीबीआई जांच की मांग पर हाई कोर्ट में सुनवाई, राज्य सरकार ने जताई आपत्ति

यह भी पढ़ें- झारखंड में प्रथम और द्वितीय JPSC गड़बड़ी में सुनवाई लंबित, टीचर नियुक्ति में हो रही आरोपितों की गवाही