JPSC-JSSC विवाद पर ABVP का उग्र प्रदर्शन, रांची में पुराना विधानसभा घेराव बना जंग का मैदान; छात्राएं बेहोश
ABVP Ranchi Protest: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने पुराने विधानसभा के सामने तीन घंटे प्रदर्शन किया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका, बसों ...और पढ़ें
HighLights
अभाविप ने पुराने विधानसभा के सामने तीन घंटे तक प्रदर्शन किया।
पुलिस ने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोककर बसों में भरा।
धक्का-मुक्की और झड़प के बाद सभी को खेलगांव पहुंचाया गया।
जागरण संवाददाता, रांची। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का मंगलवार को विधानसभा घेराव कार्यक्रम प्रदर्शन बन कर रहा गया। पुराने विधानसभा के गेट के सामने परिषद के कार्यकर्ता सुबह 11 बजे ही जुट गए थे। जिसके बाद नारेबाजी शुरू कर दी थी। लेकिन इसके बाद जैसे-जैसे कार्यकर्ता जुटते गए प्रदर्शन तेज हो गया।
कार्यकर्ताओं ने पुराने विधानसभा से मार्च की तैयारी की थी, जिसे प्रशासन की ओर से तैनात पुलिसकर्मियों ने विफल कर दिया। इसके बाद एक पुलिस बस और दो स्कूल बस मंगाकर सभी अभिविप के कार्यकर्ताओं को उसमें भरा गया, इस दौरान कई कार्यकर्ता बस के सामने बैठ गए तो कुछ बस के पीछे सो गए।
पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए सभी को वहां से हटाया और बसों में बैठाया। इस दौरान एक पुलिस अधिकारी ने बस के गेट के पास परिषद के सदस्यों पर लात भी चलाई। जिसके बाद 50 से अधिक कार्यकर्ताओं को लेकर खेलगांव पहुंची। जहां दो घंटे तक सभी कार्यकर्ताओं को रखा गया है।
सुबह मार्च की तैयारी, बाद में हंगामा और धक्का-मुक्की
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के द्वारा सुबह 11 बजे से ही विधानसभा मार्च की तैयारी थी। लेकिन अधिक संख्या में पुलिस बल की तैनाती के कारण परिषद के कार्यकर्ता 100 मीटर भी पुराने विधानसभा से आगे नहीं बढ़ सके।
खबरें और भी
विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने पहले पुराने विधानसभा के पास खड़े होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद जैसे ही आगे बढ़ने की कोशिश की पुलिस बल ने उन्हें पीछे धकेल दिया। इसके बाद पुलिस के बस में सभी को पकड़कर बैठा दिया गया।
इसके बाद परिषद के कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे और पुलिसवालों के साथ धक्का मुक्की करने लगे। इसके बाद कई कार्यकर्ता बस के सामने बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। इस दौरान फिर से पुलिस ने बल का प्रयोग किया और बस को आगे बढ़ाने की कोशिश की।कार्यकर्ता बस के पीछे भी जाकर बैठ गए। वहीं कुछ कार्यकर्ता बस के ऊपर भी चढ़ गए और नारेबाजी भी की।
नहीं झुकेंगे हम, लड़कर लेंगे अपना हक
इस प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने भी जम कर नारेबाजी की और उन्हें भी बसों में बैठा दिया गया। महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को बस के सामने से हटाया और उन्हें बस में बैठा दिया। छात्र और छात्राओं ने नारेबाजी की नहीं झुकेंगे हम, लड़कर लेंगे अपना हक, जब-जब छात्र बोला है सिंहासन डोला है सहित कई नारे पुराने विधानसभा के पास गूंज रहे थे।
पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की और झड़प, एक छात्रा हुई बेहोश
बस के सामने से हटाने के दौरान कई कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक और झड़प हुई। एक छात्र के साथ एक जैप जवान के साथ तीखी नोकझो़क भी हुई। वहीं इस दौरान बरियातू थाना के एक पदाधिकारी का छात्रों ने वर्दी फाड़ दिया।
वहीं पुलिस के एक अधिकारी ने बस में छात्र को चढ़ाने के दौरान लात चलाई और अंदर की ओर से धकेला। इसी बीच मांडर से प्रदर्शन करने आयी एक छात्रा रोशनी कुमारी बेहोश हो गयी।
उसे महिला पुलिस कर्मियों ने उठाकर सड़क के किनारे रखा और पानी मारा, जिससे उसको होश आया। होश आते ही वो छात्रा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगी।
परिषद के सदस्यों को प्रशासन ने नहीं आने दिया रांची
वहीं विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने बताया कि हमारी संख्या कम होने के पीछे वजह है कि हमारे सदस्यों को प्रशासन ने रांची आने ही नहीं दिया। शहर के बाहर भी कई बसों को रोक दिया गया।
वहीं हजारीबाग से तो जो बस रांची आ रही थी उसमें पूछकर बैठाया जा रहा था, जो रांची प्रदर्शन करने जा रहे थे उनको बसों से ही उतार दिया गया। परिषद के सदस्यों ने बताया कि इसी तरह पलामू से भी जो बसें आ रही थी उनको भी आने नहीं दिया गया।
बैठक कर आज आगे की रणनीति तय करेंगे विद्यार्थी परिषद
विधानसभा घेराव के बाद सभी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया और रात 8.30 बजे बांड भरवा कर छोड़ा गया। अब विद्यार्थी परिषद बुधवार को बैठक कर आगे की रणनीति तय करेगी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झारखंड के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने बताया कि मंगलवार को जो कुछ हुआ वो निंदनीय है। हम अब आगे की रणनीति करने के लिए बैठक करेंगे और क्या करना है उसकी तैयारी करेंगे। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।