Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    न दलील छूटेगी, न तारीख बढ़ेगी! जानिए रामगढ़ कोर्ट रूम में साउंड सिस्टम लगने से कैसे तेज होगी मुकदमों की सुनवाई

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 08:44 PM (IST)

    रामगढ़ व्यवहार न्यायालय परिसर में न्यायमूर्ति दीपक रोशन ने कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। कोर्ट रूम में माइक और साउंड सिस्टम लगने से ...और पढ़ें

    छत्तरमांडू स्थित रामगढ़ व्यवहार न्यायालय में दीप जलाकर कार्यक्रम का उद्घाटन करते जोनल जज न्यायमूर्ति दीपक रोशन।

    छत्तरमांडू स्थित रामगढ़ व्यवहार न्यायालय में दीप जलाकर कार्यक्रम का उद्घाटन करते जोनल जज न्यायमूर्ति दीपक रोशन।

    HighLights

    1. कोर्ट रूम में माइक-साउंड सिस्टम से सुनवाई में स्पष्टता आएगी।

    2. रामगढ़ झारखंड का पहला जिला, त्वरित न्याय सुनिश्चित करने को।

    जागरण संवाददाता, रामगढ़। छत्तरमांडू स्थित रामगढ़ व्यवहार न्यायालय परिसर में सोमवार को न्यायिक आधारभूत संरचनाओं के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ा। 
     
    झारखंड उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायाधीश सह जोनल जज न्यायमूर्ति दीपक रोशन ने कई विकास योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। 
     
    इस दौरान उन्होंने कोर्ट के मुख्य प्रवेश द्वार एवं लिटिगेंट शेड का शिलान्यास किया, जबकि पार्किंग शेड और न्यायालय कक्षों में स्थापित आधुनिक माइक एवं साउंड सिस्टम का फीता काटकर उद्घाटन किया।
     

    साउंड सिस्टम की सुविधा देने वाला रामगढ़ राज्य का पहला जिला

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति दीपक रोशन ने बताया कि रामगढ़ राज्य का पहला ऐसा जिला बन गया है, जिसके व्यवहार न्यायालय कक्षों में माइक एवं साउंड सिस्टम की व्यवस्था की गई है। 
     
    इस तकनीक से सुनवाई के दौरान स्पष्टता आएगी और अधिवक्ताओं को बहस करने में आसानी होगी। न्यायमूर्ति ने जोर देकर कहा कि अदालतें केवल न्याय देने का स्थान नहीं, बल्कि आम जनता के विश्वास का प्रतीक हैं। 
     
    उन्होंने वकीलों और न्यायिक अधिकारियों से अपील करते हुए कहा क‍ि अधिवक्ता न बेवजह तारीख पर तारीख लें और न ही न्यायालय कार्यवाही में देरी करे। 
     
    उन्होंने कहा कि दूर-दराज से आने वाले फरियादियों को सुगम, पारदर्शी और सम्मानजनक वातावरण में त्वरित न्याय दिलाना पूरी व्यवस्था का दायित्व है।
     

    प्रशासन और बार एसोसिएशन ने जताया आभार

    कार्यक्रम के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मो. तौफिकुल हसन ने कहा कि प्रवेश द्वार, पार्किंग और लिटिगेंट शेड जैसी आधारभूत सुविधाओं से न्यायालय परिसर की कार्यक्षमता में काफी सुधार आएगा। 
     
    उपायुक्त ऋतुराज ने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन न्यायिक संस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए हर संभव प्रशासनिक सहयोग प्रदान करता रहेगा। समारोह के अंत में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता आनंद अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। 

    इस अवसर पर कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश राजीव आनंद, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश (प्रथम) विशाल श्रीवास्तव, बार एसोसिएशन के सचिव सीताराम सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।