रामगढ़ में नौकरी को लेकर दो विस्थापित गुट के बीच झड़प, जमकर हुई मारपीट; दर्जनभर से ज्यादा घायल
भुरकुंडा परियोजना कार्यालय में विस्थापितों के दो गुटों में बीएलए आउटसोर्सिंग में समायोजन को लेकर हिंसक झड़प हुई, जिसमें दर्जन ...और पढ़ें

भुरकुंडा परियोजना कार्यालय के बाहर दोनों गुट। जागरण
संवाद सूत्र, भुरकुंडा (रामगढ़)। भुरकुंडा कोलियरी से विस्थापितों के दो गुटों में बुधवार को भुरकुंडा परियोजना कार्यालय परिसर में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान दोनों पक्षों के दर्जन भर से ज्यादा लोग घायल हुए है। यहां विस्थापितों को बीएलए आउटसोर्सिंग कंपनी में समायोजन को लेकर विवाद शुरू हुआ।
प्रबंधन ने 10 विस्थापितों को आउटसोर्सिंग कंपनी में नौकरी देने की सूची जारी की थी। इसमें नौ लोग रैयत विस्थापित मोर्चा के समर्थक थे। वहीं दूसरे पक्ष संयुक्त विस्थापित प्रभावित मोर्चा का एक समर्थक था।
इस बात को लेकर संयुक्त विस्थापित प्रभावित मोर्चा के लोगों ने विरोध दर्ज कराते हुए आंदोलन की चेतावनी प्रबंधन को दी। इसके बाद प्रबंधन ने दोनों पक्षों को मिलाकर बनी समाधान समिति की बैठक बुधवार को पीओ कार्यालय में आहूत की।
इस दौरान बलकुदरा के राजाराम प्रसाद से खतियान और विस्थापित होने से संबंधित कागजात नहीं जमा करने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया, जो हाथापाई में बदल गया। यह देख भुरकुंडा कोलियरी के मैनेजर ने मौके पर ही बैठक को निरस्त कर दिया। इसके पश्चात दोनों पक्ष पीओ कार्यालय परिसर में ही भिड़ गए। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई।
कुछ लोगों ने स्थानीय बैंक में जाकर अपने को सुरक्षित किया। वहीं बात फैलते ही सैकड़ों की संख्या में दोनों पक्षों के समर्थक जमा हो गए। लेकिन घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत करवाया। वहीं मारपीट में रैयत विस्थापित मोर्चा के सन्नी बेसरा, ठुरका मांझी, सुनील मुर्मु, बिकल बेसरा सहित अन्य को चोट आई है। इसमें सन्नी बेसरा के सर और शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोट है।
घायल रैयत विस्थापित मोर्चा के सन्नी बेसरा सहित अन्य घायलों ने कैलाश प्रसाद, महादेव मांझी, मन्नाराम मांझी, सहदेव मांझी, महावीर मांझी, झरी मुंडा, समुलाल मांझी सहित 20-25 लोगों पर हरवे हथियार के साथ हमला कर घायल करने और जान से मारने का आरोप लगाया है।
इधर दूसरे पक्ष संयुक्त विस्थापित प्रभावित मोर्चा के रोहित मुंडा, सूरज हेंब्रम, सुरेश मुर्मू, गणेश मुर्मू, राणा प्रताप सिंह, राजाराम प्रसाद, कैलाश प्रसाद, सुनील बेदिया आदि भी मारपीट में घायल हुए है।
घायलों ने सन्नी बेसरा, ठुरका मांझी, मनोज मांझी, सुनील मुर्मु, रंजीत बेसरा, राकेश मुंडा सहित दो दर्जन से अधिक लोगों पर लाठी-डंडा से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का अरोप लगाया है। मारपीट मामले पर दोनों पक्षों ने भुरकुंडा ओपी में एक दूसरे के खिलाफ आदेवन देकर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
