बारिश ने पलामू के लोगों को किया बेबस, घरों में कैदी की जिंदगी जीने को विवश है वार्ड 26 के निवासी, सड़कों पर जलजमाव
मेदिनीनगर के वार्ड 26 में दो दशकों से बारिश के बाद जलजमाव से जनजीवन नारकीय हो गया है, जिससे डायरिया और मलेरिया का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय निवासी घरों ...और पढ़ें

वर्षा होते ही दो दशकों से हो जाता है सड़कों पर जलजमाव।
HighLights
वार्ड 26 में दो दशक से बारिश के बाद भारी जलजमाव।
जलजमाव से डायरिया और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ा।
संसू, मेदिनीनगर (पलामू)। मेदिनीनगर नगर निगम के वार्ड 26 के पहाड़ी मुहल्ला स्थित गमहेल-मैल्ट्रीमैन रोड,राहत नगर,झोपड़ पट्टी समेत कई इलाके की स्थिति नारकीय हो जाती है। वर्षा होते ही हर बार वार्ड की सड़के व गलियां जलमग्न हो जाती हैं। यह जलजमाव कई दिनों तक कायम रहता है।
बरसात में भारी जलजमाव हाे जाने से वार्ड के कई क्षेत्रों के सैकड़ों घरों के लोग घरोंं में कैदी की जिंदगी जीने को विवश हो जाते हैं। महिलाओं व बच्चों का तो पूरे दिन व पूरी-पूरी रात घर से निकलना बंद हो जाता है। इससे बच्चों की पढ़ाई बाधित होती है। डायरिया फैल जाता है।
इसके बाद लोग मलेरिया के शिकार हाेते रहते है। पिछले दो दशक से यह वार्ड से लेकर विधान सभा तक चुनावी मुद्दा बनता है। नगरनिगम प्रशासन व वार्ड आयुक्त भी आश्वासन देते रहे हैं। बावजूद अब तक जनता को कोई राहत नहीं मिली है। गमहेल रोड-मैल्ट्रीमैन रोड के बीच के इलाके के लोग नाला के गंदे पानी के जमाव से परेशान रहते हैं।
इधर दो दिन में 100 मिमी से अधिक हुई वर्षा से इस पूरे इलाके में नाला की गंदगी व जलजमाव से क्षेत्र का वातावरण दूषित हो गया है। नाली जाम होने व जल निकासी की व्यवस्था पूरी तरह फेल होने के कारण इस क्षेत्र में डायरिया व मलेरिया फैलने का खतरा बढ़ गया है। फिलवक्त पूरा क्षेत्र नारकीय बन गया है। बावजूद कोई सुनने वाला नहीं है।
खबरें और भी
क्या कहते हैं प्रभावित क्षेत्र के लोग
पिछले दो-ढाई दशक से गमहेल रोड में वार्षा होते ही भारी जलजमाव हो जाता है। घर से बाहर निकला तक मुश्किल हो जाता है। इस जलजमाव से आप न पैदल चल सकते हैं न वाहन से। कई घरों में तो नाला का पानी भी घूस जाता है।
-आस मोहम्मद अंसारी, गमहेल रोड, पहाड़ी वार्ड 26, मेदिनीनगर।
वर्षा होते ही पूरा क्षेत्र जलमग्न हो जाता है। जल निकासी की कोई पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। कई फिट पानी सड़क पर ठहर जाता है। बच्चों का स्कूल जाना बंद हो जाता है। महिला व बुजुर्गों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाना चुनौती से कम नहीं है।
-मो.परवेज शाह, मैल्ट्रिमैन रोड, पहाड़ी राहत नगर, वार्ड 26, मेदिनीनगर।
बरसात में तो घर से बाहर निकलना हम सब का बंद हो जाता है। सड़क पर वर्षाजल व नाला का गंदा पानी जमा होने से क्षेत्र की स्थिति नारकीय बन गई है। बच्चों का तो दरवाजा से बाहर निकलन भी प्रतिबंधित जैसा है।
-कबूला बैगम, मैल्ट्रिमैन रोड, वार्ड 26, पहाड़ी मेदिनीनगर।
क्या कहें क्षेत्र की बदहाली से किसी को कोई लेना-देना नहीं है। सिर्फ जन प्रतिनिधियों को वोट चाहिए। चुनाव खत्म बात खत्म। इस जलजमाव से क्षेत्र के बच्चे कई दिनों तक घर से बाहर नहीं निकलते। स्कूल नहीं जाते।
-नसीम अंसारी, गमहेल रोड, वार्ड 26, पहाड़ी, मेदिनीनगर।
पहली बार जीती हूं। इस क्षेत्र में जलजमाव सबसे बड़ी समस्या है। इसके समाधान के लिए उन्होंने नगर आयुक्त व मेयर को लिखा है। इस समस्या के समाधान के लिए हर स्तर पर प्रयास करेंगी। जलजमाव से निजात दिलाना उनकी प्राथमिकता है।
-अख्तरी बैगम, वार्ड कमीश्नर, वार्ड संख्या 26 मेदिनीनगर।