'राजा' बनकर की दोस्ती, शादी का वादा और फिर ब्लैकमेल! पलामू में युवती ने युवक पर लगाए गंभीर आरोप
मोहम्मदगंज, पलामू में एक युवती ने युवक पर धार्मिक पहचान छिपाकर प्रेम संबंध बनाने, शारीरिक शोषण और ब्लैकमेल का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ज ...और पढ़ें

युवक पर धार्मिक पहचान छिपाकर प्रेम संबंध बनाने का आरोप। एआई जेनरेटेड इमेज
HighLights
युवक पर धार्मिक पहचान छिपाकर प्रेम संबंध बनाने का आरोप।
शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और ब्लैकमेल किया।
पंचायत सूत्र, मोहम्मदगंज (पलामू)। मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र में एक युवती ने एक युवक पर धार्मिक पहचान छिपाकर प्रेम संबंध बनाने, शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने, निजी फोटो-वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल करने तथा मारपीट कर मोबाइल और लैपटॉप छीन लेने का आरोप लगाया है।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए आवेदन में पीड़िता, जो उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सैफई की रहने वाली है और एक निजी ई-कॉमर्स कंपनी में कार्यरत है, उसने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के कररिया गांव निवासी एक युवक से हुई थी।
आरोप है कि युवक ने अपना नाम 'राजा' बताते हुए स्वयं को राजपूत समुदाय का बताया और शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि विश्वास में लेकर युवक ने उसके निजी फोटो और वीडियो बना लिए।
बाद में उसे जानकारी मिली कि आरोपी ने अपनी वास्तविक धार्मिक पहचान छिपाई थी। जब उसने संबंध समाप्त करने की बात कही तो आरोपी कथित रूप से निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा तथा मानसिक दबाव बनाकर संबंध बनाए रखने के लिए मजबूर करता रहा।
खबरें और भी
युवती ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि गुरुवार शाम वह अपने निजी फोटो और वीडियो वापस लेने के उद्देश्य से आरोपी के गांव कररिया पहुंची थी। वहां आरोपी और उसके स्वजनों ने उसके साथ मारपीट की, रातभर घर के बाहर रखा तथा उसका मोबाइल फोन और लैपटाप छीन लिया।
पीड़िता के अनुसार, वह किसी तरह शुक्रवार सुबह वहां से निकलकर करीब छह किलोमीटर पैदल चलकर मोहम्मदगंज थाना पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। उसने आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा अपना मोबाइल और लैपटॉप वापस दिलाने की मांग की है।
इधर, मोहम्मदगंज थाना पुलिस ने बताया कि युवती की शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।