सड़क के बीच बैठी युवती, माता-पिता के साथ जाने से किया इनकार; पलामू में प्रेम प्रसंग को लेकर हाई-वोल्टेज ड्रामा
मेदिनीनगर के महिला कॉलेज रोड पर एक युवती ने प्रेम प्रसंग के चलते अपने माता-पिता के साथ घर जाने से इनकार कर हाई-वोल्टेज ड्रामा किया। करीब एक घंटे तक सड ...और पढ़ें

युवती ने प्रेम प्रसंग में घर जाने से किया इनकार। जागरण
HighLights
युवती ने प्रेम प्रसंग में घर जाने से किया इनकार।
मेदिनीनगर के महिला कॉलेज रोड पर एक घंटे चला हंगामा।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। शहर थाना क्षेत्र के महिला कालेज रोड पर बुधवार को प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब एक युवती ने अपने माता-पिता के साथ घर जाने से साफ इनकार कर दिया। करीब एक घंटे तक चले इस घटनाक्रम के कारण सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई।
कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा। सड़क के बीच युवती के बैठ जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया गया कि लातेहार जिले के बरवाडीह अनुमंडल क्षेत्र की रहने वाली युवती करीब एक माह पहले अपने स्वजनों की मर्जी के खिलाफ घर से निकल गई थी।
इसके बाद से उसके माता-पिता लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार को स्वजनों को युवती के मेदिनीनगर के महिला कालेज रोड में होने की जानकारी मिली। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ घर ले जाने का प्रयास किया। स्वजन युवती को बाइक पर बैठाकर ले जाने लगे, लेकिन कुछ दूर पहुंचते ही युवती बाइक से उतर गई।
उसने बीच सड़क पर बैठकर स्पष्ट कर दिया कि वह घर नहीं जाएगी। युवती के इस रवैये के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। देखते ही देखते सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई। हंगामे की सूचना मिलने पर पैंथर पुलिस मौके पर पहुंची।
खबरें और भी
पुलिसकर्मियों ने युवती को समझाने का प्रयास किया और माता-पिता के साथ घर जाने की बात कही, लेकिन युवती पुलिस की बात मानने को तैयार नहीं हुई। वह लगातार घर जाने से इनकार करती रही। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पेट्रोलिंग वाहन बुलाया।
इसके बाद युवती और उसके माता-पिता को पुलिस वाहन से शहर थाना ले जाया गया। थाना में पुलिस पूरे मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी रही। महिला कालेज रोड पर हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे को लेकर काफी देर तक लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।