घर में रखी पुरानी बंदूक से चली गोली, पलामू में 70 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध मौत; पुलिस जांच में जुटी
पलामू के रामगढ़ थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव में 70 वर्षीय श्यामलाल भुइयां की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस पुरानी भरठूआ बंदू ...और पढ़ें

पलामू में 70 वर्षीय बुजुर्ग की गोली लगने से मौत।
HighLights
पलामू में 70 वर्षीय बुजुर्ग की गोली लगने से मौत।
पुरानी भरठूआ बंदूक से हुई संदिग्ध घटना, पुलिस जांच कर रही।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह गांव में शनिवार देर रात एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान श्यामलाल भुइयां के रूप में हुई है।
घटना घर में रखी पुरानी भरठूआ बंदूक से हुई। मामले की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर रामगढ़ थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
रविवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से घटना में प्रयुक्त पुरानी भरठूआ बंदूक भी बरामद कर जब्त कर ली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फायर होने के बाद बंदूक दो हिस्सों में टूट गई, जिससे यह स्पष्ट है कि हथियार काफी पुराना था।
रामगढ़ थाना प्रभारी ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि श्यामलाल भुइयां ने आत्महत्या की है या बंदूक की सफाई अथवा किसी अन्य कारण से अचानक गोली चलने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस दोनों बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और आसपास के लोगों के साथ-साथ स्वजनों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके। उन्होंने बताया कि अभी तक मृतक के स्वजनों की ओर से थाना में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। इसके बावजूद पुलिस अपने स्तर से मामले की गहन जांच में जुटी है।
खबरें और भी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बुजुर्ग की मौत आत्महत्या के कारण हुई या यह किसी दुर्घटना का परिणाम है।
फिलहाल पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर सभी पहलुओं पर गंभीरता से अनुसंधान शुरू कर दी है।