जपला स्टेशन रोड के दुर्गा मंदिर में बड़ी चोरी, मां दुर्गा, लक्ष्मी और गणेश जी के मुकुट समेत ₹4 लाख के गहने साफ
जपला रेलवे स्टेशन रोड स्थित मां दुर्गा मंदिर में बुधवार देर रात बड़ी चोरी हुई, जहां चोरों ने मां दुर्गा, लक्ष्मी और गणेश जी की प्रतिमाओं से मुकुट सहित ...और पढ़ें
HighLights
जपला दुर्गा मंदिर से चार लाख के आभूषण चोरी।
मां दुर्गा, लक्ष्मी, गणेश की प्रतिमाओं से गहने गायब।
चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद।
संवाद सूत्र, जपला (पलामू)। हुसैनाबाद शहर के जपला रेलवे स्टेशन रोड स्थित मां दुर्गा मंदिर में बुधवार देर रात चोरी की बड़ी घटना सामने आई। चोर मंदिर में स्थापित मां दुर्गा, मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की प्रतिमाओं से मुकुट सहित सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गया।
चोरी की पूरी घटना मंदिर के सामने लगे एक मकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
रात करीब दो बजे की घटना
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब दो बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक बैग लेकर मंदिर के मुख्य द्वार के ऊपर बने खाली हिस्से से अंदर प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। इसके बाद उसने प्रतिमाओं पर चढ़े कीमती आभूषण निकाल लिए और फरार हो गया।
मंदिर के पुजारी आनंद कुमार पाण्डेय ने बताया कि बुधवार शाम नियमित पूजा-अर्चना के बाद मंदिर का पट बंद कर दिया गया था। गुरुवार सुबह मंदिर खोलने पर माँ दुर्गा, माँ लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमाओं से मुकुट सहित सभी कीमती आभूषण गायब मिले। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान
घटना के बाद पुजारी ने हुसैनाबाद थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।