डेहरी-बरवाडीह पैसेंजर में भीड़ से यात्री परेशान, गेट पर खड़े होकर यात्रा करने को मजबूर; कोच बढ़ाने की अपील
डेहरी-बरवाडीह पैसेंजर ट्रेन में अत्यधिक भीड़ से यात्री परेशान हैं, क्योंकि इसमें केवल 10-11 कोच हैं। यात्रियों को जान जोखिम में डालकर यात्रा करनी पड़ ...और पढ़ें
-1778755853749_m.webp)
ट्रेन में चढ़ती भीड़

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, हैदरनगर (पलामू)। डाल्टनगंज–डेहरी रेलखंड पर चलने वाली ट्रेन संख्या 53350 डेहरी आन सोन–बरवाडीह पैसेंजर में लगातार बढ़ती भीड़ को लेकर यात्रियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ट्रेन में वर्तमान में मात्र 10 से 11 कोच होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि कई यात्रियों को गेट पर खड़े होकर जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
यात्रियों का कहना है कि यह ट्रेन पलामू, गढ़वा और रोहतास जिले के छात्रों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों, व्यवसायियों और दैनिक यात्रियों के लिए लाइफलाइन मानी जाती है। अत्यधिक भीड़ के कारण महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इस समस्या को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर प्रमुखता से उठाए जाने के बाद पूर्व मध्य रेलवे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धनबाद रेल मंडल को टैग कर आवश्यक कार्रवाई का संकेत दिया है। रेलवे की प्रतिक्रिया के बाद यात्रियों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही सकारात्मक पहल हो सकती है।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि ट्रेन में कोचों की संख्या बढ़ाकर कम से कम 15 से 18 की जाए, ताकि भीड़ पर नियंत्रण हो सके और यात्रियों को सुरक्षित यात्रा सुविधा मिल सके।
साथ ही सिगसिगी–गढ़वा रोड रेलखंड के बीच अनावश्यक स्लैक टाइम कम कर ट्रेन की गति और समयपालन में सुधार करने की भी मांग उठाई गई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि रेलवे प्रशासन शीघ्र ठोस कदम उठाता है तो प्रतिदिन यात्रा करने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे पलामू जैसे आकांक्षी जिले की रेल व्यवस्था अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बन सकेगी।