पलामू के सबौना में कोयला लदी मालगाड़ी के 11 डिब्बे पटरी से उतरे, रेल यातायात बाधित
पलामू के सबौना में कोयला लदी मालगाड़ी के 11 डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे मुगलसराय-धनबाद रेलखंड पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। ...और पढ़ें

सबौना में कोयला लदी मालगाड़ी के 11 डिब्बे बेपटरी हुए।
HighLights
सबौना में कोयला लदी मालगाड़ी के 11 डिब्बे बेपटरी हुए।
दो वैगन डाउन लाइन पर गिरे, परिचालन पूरी तरह ठप।
संवाद सूत्र, विश्रामपुर (पलामू)। धनबाद रेल मंडल के सीआईसी सेक्शन में अंतिम सीमा क्षेत्र स्थित सबौना गांव के समीप मंगलवार सुबह करीब 10:45 बजे बड़ा रेल हादसा हो गया।
खलारी से सोननगर की ओर रिवर्सल लाइन से जा रही कोयला लदी मालगाड़ी के 11 डिब्बे बेपटरी हो गए। इनमें से दो वैगन डाउन लाइन पर गिर गए, जिससे मुगलसराय से धनबाद रेल मंडल की ओर जाने वाला रेल परिचालन पूरी तरह ठप हो गया।
हादसे के लगभग दो घंटे बाद भी सुरक्षा कारणों से अप लाइन पर रेल परिचालन शुरू नहीं किया जा सका था। रेल यातायात निरीक्षक अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि दुर्घटना का तत्काल कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना की जांच के लिए गठित संयुक्त समिति मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच करेगी।
दुर्घटना में मालगाड़ी का पूरा रैक दो हिस्सों में बंट गया। इंजन की ओर के चार कोयला लदे वैगन तथा गार्ड वैन की ओर के सात वैगन पटरी से उतर गए। हादसे में रिवर्सल लाइन की पटरी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बरवाडीह, चोपन और मुगलसराय से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन तथा रेलवे क्रेन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। राहत दल के पहुंचने के बाद क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने और रेल पटरी की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है।
खबरें और भी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस दुर्घटना में रेलवे को करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान है। हादसे के कारण कई यात्री ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ है। रेल प्रशासन ने जल्द से जल्द रेल परिचालन सामान्य करने के लिए राहत एवं मरम्मत कार्य तेज कर दिया है।