विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लोहरदगा में पुलिस-अपराधियों के बीच मुठभेड़, फोरलेन निर्माण स्थल पर रोलर में आग लगाने की कोशिश

Published: Sun, 27 Sep 2026 12:56 PM (GMT+05:30)

लोहरदगा के कुडू थाना क्षेत्र में फोरलेन सड़क निर्माण स्थल पर अपराधियों ने रोड रोलर में आग लगाने का प्रयास ...और पढ़ें

अपराधियों ने फोरलेन निर्माण स्थल पर रोड रोलर में आग लगाने का प्रयास किया।जागरण

अपराधियों ने फोरलेन निर्माण स्थल पर रोड रोलर में आग लगाने का प्रयास किया।जागरण

HighLights

  1. अपराधियों ने फोरलेन निर्माण स्थल पर रोड रोलर में आग लगाने का प्रयास किया।

  2. पुलिस की सक्रियता से अपराधियों का मंसूबा नाकाम हुआ, आग लगने से बची।

जागरण संवाददाता, लोहरदगा। लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र में फोरलेन सड़क निर्माण स्थल पर शनिवार की आधी रात अपराधियों ने निर्माण कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया। अपराधियों ने निर्माण स्थल पर खड़े रोड रोलर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की।

इसी दौरान मौके पर मौजूद कुडू थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम और सैट की टीम की सक्रियता से अपराधी अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस की ओर से भी फायरिंग की गई। जिसके बाद अपराधी भाग खड़े हुए।

कुडू थाना क्षेत्र के ढुलूवा खूंटा से लातेहार जिले के उदयपुरा तक फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। एनएच-39 पर टीको पुल के समीप इन दिनों लेवलिंग का काम किया जा रहा है। पुल पर गाइडर लगाने का कार्य भी चल रहा है। इसी निर्माण स्थल पर शनिवार की आधी रात मोटरसाइकिल से दो अपराधी पहुंचे। दोनों अपराधियों के पास प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल था।

अपराधियों ने रोड रोलर पर पेट्रोल छिड़ककर उसमें आग लगाने का प्रयास किया। निर्माण स्थल पर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम और एसएटी की टीम की मौजूदगी के कारण अपराधियों को अपने मंसूबे में सफलता नहीं मिली। पुलिस टीम को सक्रिय होते देख दोनों अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन राउंड फायरिंग की।

पुलिस की कार्रवाई के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में जांच और छापेमारी शुरू कर दी। निर्माण स्थल की भी जांच की गई। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे कौन लोग शामिल हैं और उनका उद्देश्य क्या था।

लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी का कहना है कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच की है। अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है। 

यह भी पढ़ें- जालौन में पुजारी को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले तीन बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

यह भी पढ़ें- लोहरदगा में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 5 थाना प्रभारियों समेत 9 दारोगा का तबादला; देखें पूरी लिस्ट