लोहरदगा: पिकअप में ठूंसकर ले जा रहे पांच मवेशी जब्त, बिहार के दो तस्कर गिरफ्तार; राउरकेला से हो रही थी तस्करी
पुलिस ने लोहरदगा-गुमला मुख्य पथ पर मवेशी तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए पांच भैंसों को जब्त किया और बिहार के दो तस्करों को गिरफ्तार किया। ...और पढ़ें

बिहार के दो तस्कर गिरफ्तार
HighLights
लोहरदगा में पांच भैंसें जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार।
ओडिशा के राउरकेला से हो रही थी मवेशियों की तस्करी।
अमानवीय तरीके से ले जाई जा रही थीं भैंसें, FIR दर्ज।
संवाद सूत्र, सेन्हा (लोहरदगा)। लोहरदगा-गुमला मुख्य पथ पर सेन्हा थाना क्षेत्र के कंडरा चौक में पुलिस ने मवेशी तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए पांच भैंसों को जब्त किया है। एसपी सादिक अनवर रिजवी को मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई की गई, जिसमें तस्करों द्वारा उड़ीसा के राउरकेला से पिकअप वाहन के जरिए मवेशियों को लोहरदगा लाया जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कंडरा चौक में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान बीआर 03जीबी 5169 नंबर की पिकअप को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में पांच भैंसों को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर लादा गया पाया गया।
चालक कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका
स्थानीय पुलिस ने वाहन चालक से मवेशियों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सभी मवेशियों को जब्त कर सेन्हा थाना परिसर में सुरक्षित रखवा दिया।
थाना प्रभारी नीरज झा ने बताया कि इस मामले में पिकअप चालक व उपचालक के खिलाफ सेन्हा थाना कांड संख्या 60/26 के तहत झारखंड पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 12(1) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
खबरें और भी
मवेशी तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के भोजपुर जिला के कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सरैया गांव निवासी विकास कुमार (22) और कुंदन कुमार (24) के रूप में हुई है। दोनों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए लोहरदगा जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी नीरज झा ने स्पष्ट किया है कि मवेशी तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अवैध तरीके से पशुओं के परिवहन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।