Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लेवी नहीं मिली तो स्कूल में फायरिंग की थी योजना, लातेहार में PLFI कमांडर हथियार के साथ गिरफ्तार; भेजा गया जेल

    Updated: Tue, 11 Aug 2026 08:42 AM (GMT+05:30)

    बारियातू पुलिस ने पीएलएफआई संगठन के एक कमांडर लालदेव यादव को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। ...और पढ़ें

    पीएलएफआई कमांडर लालदेव यादव हथियार के साथ गिरफ्तार।

    पीएलएफआई कमांडर लालदेव यादव हथियार के साथ गिरफ्तार।

    HighLights

    1. पीएलएफआई कमांडर लालदेव यादव हथियार के साथ गिरफ्तार।

    2. कस्तूरबा गांधी विद्यालय में लेवी के लिए फायरिंग की योजना।

    संवाद सूत्र, बारियातू (लातेहार)। बारियातू थाना पुलिस ने पीएलएफआई संगठन से जुड़े एक कमांडर को हथियार व कारतूस के साथ गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में लातेहार जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान बालूमाथ थाना क्षेत्र के हांथडीह गांव निवासी लालदेव यादव (28) के रूप में हुई है। उसके पास से एक देसी 9 एमएम पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

    थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने बताया कि रविवार की रात पुलिस अधीक्षक लातेहार को गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआई संगठन से जुड़ा लालदेव यादव अपने साथी बादल यादव उर्फ पवन उर्फ दिलीप यादव के साथ बरछिया स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के निर्माणाधीन भवन के पास फायरिंग करने पहुंचा है।

    सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बालूमाथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया।

    पुलिस टीम निर्माणाधीन विद्यालय के पास पहुंची तो पुलिस को आता देख बिना नंबर की बाइक पर सवार दो युवक भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया। इसी दौरान निर्माणाधीन भवन के आगे विश्रामपुर जाने वाली सड़क पर बने जर्जर पुल के पास बाइक असंतुलित होकर गिर गई।

    बाइक चला रहा युवक अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे युवक को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पकड़े गए युवक के पास से लोडेड देसी 9 एमएम पिस्तौल बरामद हुई। पिस्तौल को अनलोड करने पर उसमें दो जिंदा कारतूस मिले।

    खबरें और भी

    पुलिस ने मौके से पिस्तौल व कारतूस के अलावा आईटेल कंपनी का काले रंग का कीपैड मोबाइल और सैमसंग कंपनी का बैंगनी रंग का स्मार्टफोन भी बरामद किया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने अपना नाम लालदेव यादव, पिता बिहारी यादव, ग्राम हाथडीह, पोस्ट झाबर, थाना बालूमाथ, जिला लातेहार बताया।

    उसने फरार साथी का नाम बालदेव यादव उर्फ पवन उर्फ दिलीप यादव, पिता झरी यादव, ग्राम हाथडीह, पोस्ट झाबर, थाना बालूमाथ बताया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि बरछिया स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय के निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार अभिजित पात्रा से लेवी की राशि नहीं मिलने के कारण योजना के तहत निर्माणाधीन विद्यालय के पास फायरिंग करने पहुंचा था।

    मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अन्य फरार लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, पुलिस अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार, सहायक अवर निरीक्षक दिनेश कुमार व छोटू पंडा के अलावा रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।