लातेहार में पागल कुत्ते का आतंक, एक ही दिन में दर्जनभर लोगों को काटा, इलाके में दहशत का माहौल
चंदवा में एक पागल कुत्ते ने आतंक मचाते हुए एक ही दिन में लगभग एक दर्जन लोगों को काट कर घायल कर दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घायलों को सामुद ...और पढ़ें

HighLights
चंदवा में पागल कुत्ते ने एक दर्जन लोगों को काटा।
घायलों को एंटी-रेबीज वैक्सीन दी गई, दहशत का माहौल।
संवाद सूत्र, पूर्वी (चंदवा), लातेहार। प्रखंड मुख्यालय समेत आसपास के इलाकों में शुक्रवार को एक पागल कुत्ते के आतंक से लोगों में दहशत फैल गई। उग्र हो चुके कुत्ते ने अलग-अलग स्थानों पर हमला कर लगभग एक दर्जन लोगों को काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे शहर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल लोगों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदवा पहुंचाया गया, जहां समाचार लिखे जाने तक आठ लोगों का उपचार कर एंटी-रेबीज वैक्सीन एवं आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध कराई जा चुकी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार शुक्रवार सुबह पागल कुत्ते ने सबसे पहले बुध बाजार परिसर में लोगों पर हमला किया।
इस दौरान वहां संचालित एक निजी विद्यालय के दो कर्मियों समेत दो-तीन लोग उसके शिकार बने। इसके बाद कुत्ता विभिन्न मोहल्लों और सड़कों पर घूमते हुए राहगीरों एवं स्थानीय लोगों पर हमला करता रहा। कुत्ते के हमले में रंशु कुमार, संजय तुरी, प्रियांशी कुमारी, सृष्टि कुमारी, सुमित, दिनेश समेत कई अन्य लोग घायल हुए हैं।
अचानक हुए हमलों से लोग भयभीत हो गए और काफी देर तक क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने किसी तरह कुत्ते से बचकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद नागरिकों ने प्रखंड प्रशासन, नगर क्षेत्र की संबंधित एजेंसियों तथा पशुपालन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
खबरें और भी
लोगों का कहना है कि पागल एवं आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या आम लोगों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। उन्होंने मांग की कि ऐसे आक्रामक कुत्तों को तत्काल पकड़ने, उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराने तथा क्षेत्र में नियमित अभियान चलाकर लोगों को इस समस्या से राहत दिलाई जाए।
चिकित्सकों ने कुत्ते के काटने की घटना को गंभीरता से लेने की सलाह देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में घाव को तुरंत साबुन और बहते पानी से अच्छी तरह धोकर बिना देर किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचना चाहिए ताकि समय पर एंटी-रेबीज वैक्सीन और आवश्यक उपचार दिया जा सके।