बीकानेर-हावड़ा, नेताजी और संपर्क क्रांति एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें होंगी प्रभावित, पनकी धाम में चल रहा है विकास कार्य
कानपुर-टुंडला रेलखंड पर पनकी धाम स्टेशन पर चौथी रेल लाइन के कार्य के कारण जुलाई के अंतिम सप्ताह में कोडरमा से गुजरने वाली कई ट्रेनें प्रभावित होंगी। य ...और पढ़ें

कानपुर-टुंडला रेलखंड पर बड़ा काम, कोडरमा से गुजरने वाली कई ट्रेनें प्रभावित होंगी।
HighLights
पनकी धाम में चौथी रेल लाइन के लिए कार्य जारी।
जुलाई के अंतिम सप्ताह में कई ट्रेनें होंगी प्रभावित।
यात्री यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति जांच लें।
संवाद सूत्र, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। प्रयागराज मंडल के कानपुर-टुंडला रेलखंड स्थित पनकी धाम स्टेशन पर चौथी रेल लाइन की कनेक्टिविटी के लिए यार्ड रीमाडलिंग एवं नान इंटरलाकिंग (एनआई) कार्य के कारण जुलाई के अंतिम सप्ताह में कोडरमा जंक्शन से गुजरने वाली कई प्रमुख मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
रेलवे के अनुसार बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस और बाड़मेर-हावड़ा एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें अपने प्रारंभिक स्टेशन से ही री-शेड्यूल होकर विलंब से रवाना होंगी। इसके अलावा हावड़ा-बीकानेर एक्सप्रेस, हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस, यूपी संपर्क क्रांति और नेताजी एक्सप्रेस समेत कई अन्य ट्रेनों का रास्ते में नियंत्रित (कंट्रोल) परिचालन किया जाएगा, जिससे यात्रा समय में अतिरिक्त बढ़ोतरी हो सकती है।
श्रावणी मेला और रक्षाबंधन के आगामी त्योहारों को देखते हुए इस रूट पर यात्रियों का दबाव पहले से ही काफी अधिक है। ट्रेनों के देर से चलने और मार्ग में रोके जाने के कारण कोडरमा जंक्शन पर यात्रियों की भारी भीड़ जुटने की संभावना जताई जा रही है।
यात्रियों की असुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने अपील की है कि लोग यात्रा से पहले स्टेशन समय से थोड़ा पहले पहुंचें। साथ ही किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की अद्यतन स्थिति (लाइव स्टेटस) रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस (NTES) ऐप, रेल मदद ऐप या हेल्पलाइन नंबर 139 से जरूर जांच लें।
रेलवे का कहना है कि यह विकास कार्य पूरा होते ही इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन पहले से अधिक सुचारु, सुरक्षित और समयबद्ध हो जाएगा।