कोडरमा-गया के रास्ते भुवनेश्वर और संतरागाछी के लिए नई ट्रेनें, धनबाद शकूर बस्ती स्पेशल 30 नवंबर तक चलेगी
रेलवे ने कोडरमा के रास्ते गया से भुवनेश्वर और संतरागाछी के लिए दो नई ट्रेनों का प्रस्ताव दिया है। धनबाद-शकूर ...और पढ़ें

कोडरमा के रास्ते दो नई नियमित एक्सप्रेस ट्रेनों का प्रस्ताव।
HighLights
कोडरमा से गया-भुवनेश्वर, संतरागाछी के लिए नई ट्रेनें प्रस्तावित।
धनबाद-शकूर बस्ती स्पेशल के 26 फेरे बढ़ाए गए।
त्योहारों के लिए दिल्ली रूट पर अतिरिक्त सुविधा।
संवाद सूत्र, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। रेलवे ने कोडरमा के रास्ते दो नई नियमित एक्सप्रेस ट्रेनें चलाने का प्रारंभिक प्रस्ताव तैयार किया है। इससे कोडरमा सहित आसपास के रेल यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। प्रस्ताव के अनुसार, गया जंक्शन से भुवनेश्वर और संतरागाछी के लिए ट्रेनें चलाने की योजना है।
हालांकि, दोनों ट्रेनों के परिचालन पर अंतिम निर्णय रेलवे बोर्ड की मंजूरी और आधिकारिक समय-सारणी जारी होने के बाद ही होगा। प्रस्तावित गया-भुवनेश्वर एक्सप्रेस सप्ताह में चार दिन चलाने की योजना है। यह ट्रेन गया से दोपहर 1:30 बजे रवाना होगी।
झारखंड में कोडरमा, हजारीबाग रोड, पारसनाथ और गोमो में इसके ठहराव का प्रस्ताव है। वापसी में ट्रेन भुवनेश्वर से बुधवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:45 बजे गया पहुंचेगी।
वहीं, गया-संतरागाछी एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन, गुरुवार, शनिवार और सोमवार को गया से रात 7:20 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 5:45 बजे संतरागाछी पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन शुक्रवार, रविवार और मंगलवार को सुबह 8 बजे संतरागाछी से चलेगी तथा उसी दिन रात 7:50 बजे गया पहुंचेगी।
मार्ग में पहाड़पुर, कोडरमा, धनवार, जमुआ और नवाडीह में ठहराव प्रस्तावित है। इन दोनों ट्रेनों के शुरू होने से बिहार, झारखंड और ओडिशा के बीच रेल संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।
धनबाद-शकूर बस्ती स्पेशल के 26 फेरे बढ़े, 30 नवंबर तक चलेगी
आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच रेलवे ने धनबाद-कोडरमा के रास्ते दिल्ली होकर शकूर बस्ती तक चलने वाली स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़ाने की घोषणा की है। दिल्ली और मुंबई समेत प्रमुख रूटों की ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। राजधानी और दुरंतो जैसी प्रीमियम ट्रेनों में भी सीट मिलना मुश्किल हो रहा है।
03639 धनबाद-शकूर बस्ती स्पेशल प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को 30 नवंबर तक चलेगी। वापसी में 03640 शकूर बस्ती-धनबाद स्पेशल प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को 1 दिसंबर तक संचालित होगी। इससे दुर्गापूजा से छठ तक कोडरमा और आसपास के यात्रियों को दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन की सुविधा मिलेगी।
रेलवे ने दोनों दिशाओं में ट्रेन के 26-26 फेरे बढ़ाने के साथ टूंडला स्टेशन पर ठहराव भी दिया है। धनबाद से चलने वाली ट्रेन टूंडला में दोपहर 12:13 बजे से 12:15 बजे तक रुकेगी। वापसी में शकूर बस्ती से चलने वाली ट्रेन तड़के 3:30 बजे से 3:32 बजे तक टूंडला स्टेशन पर ठहरेगी। नया ठहराव तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
