Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कोडरमा ज्वेलरी लूट का खुलासा: 6 राज्यों में फैला है नेटवर्क, महिला समेत 3 गिरफ्तार; 100% आभूषण बरामद

    Updated: Mon, 20 Jul 2026 06:18 PM (IST)

    कोडरमा पुलिस ने चंदवारा में स्वर्ण व्यवसायी से लाखों के आभूषणों की चोरी का खुलासा किया है। ओडिशा के अंतरराज्यीय गिरोह की महिला समेत तीन सदस्यों को गिर ...और पढ़ें

    ओडिशा के अंतरराज्यीय गिरोह की महिला समेत 3 गिरफ्तार।

    ओडिशा के अंतरराज्यीय गिरोह की महिला समेत 3 गिरफ्तार।

    HighLights

    1. चंदवारा ज्वेलरी चोरी कांड का पुलिस ने किया खुलासा।

    2. ओडिशा के अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार हुए।

    3. चोरी हुए सभी आभूषण शत-प्रतिशत बरामद कर लिए गए।

    संवाद सूत्र, जागरण, चंदवारा (कोडरमा)। कोडरमा ज़िले के चंदवारा थाना क्षेत्र स्थित उरवां पेट्रोल पंप के समीप बीती 8 जुलाई को स्वर्ण व्यवसायी अशोक सोनी की मोटरसाइकिल की डिक्की से हुई लाखों के आभूषणों की हाई-प्रोफ़ाइल चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है।

    कोडरमा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ओडिशा के एक बेहद शातिर अंतरराज्यीय गिरोह के महिला समेत तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लूटे गए शत-प्रतिशत जेवरात, वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक, डिक्की तोड़ने वाली मास्टर-की (टी-शेप चाबी), दो मोबाइल फ़ोन और ज्वेलरी मापक यंत्र बरामद कर लिए हैं।

    कोडरमा पुलिस अधीक्षक (SP) कुमार शिवाशीष के कुशल मार्गदर्शन और चंदवारा थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष अनुसंधान टीम (SIT) ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर इस अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफ़ाश किया।

    जांच के दौरान अपराधियों के लोकेशन ओडिशा के जाजपुर ज़िले में मिलने पर कोडरमा पुलिस की एक विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से जाजपुर के कोराई थाना क्षेत्र में छापेमारी की। जहाँ से मुख्य आरोपी राजू दास और उसके साथी धनराज प्रधान को गिरफ्तार किया गया।

    पकड़े गए आरोपियों से मिली सटीक जानकारी के आधार पर दूसरी पुलिस टीम ने तड़के कोडरमा रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी राजू दास की पत्नी ट्विंकल दास को धर दबोचा।

    एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि महिला आरोपी चोरी के सभी आभूषणों से भरा बैग लेकर तड़के 3 बजे ट्रेन से फ़रार होने की फ़िराक़ में थी, जिसे ऐन वक़्त पर दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में राजू दास (भद्रक, ओडिशा), धनराज प्रधान (जाजपुर, ओडिशा) और ट्विंकल दास (भद्रक, ओडिशा) शामिल हैं।

    खबरें और भी

    कई राज्यों में फैला है नेटवर्क, 6 ज़िलों में सक्रिय था गिरोह

    एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि जाजपुर एसपी से मिली जानकारी के मुताबिक़ यह एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह है, जिसका नेटवर्क अकेले ओडिशा के 6 ज़िलों में फैला हुआ है। गिरोह के सदस्य महाराष्ट्र, दिल्ली, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में गाड़ियों की डिक्की का लॉक तोड़कर आभूषणों एवं नक़दी उड़ाने की दर्जनों घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।

    दूसरे राज्यों की पुलिस भी अक्सर इस गिरोह की तलाश में ओडिशा पहुँचती रहती है। फ़िलहाल कोडरमा पुलिस इस गिरोह के अन्य नेटवर्क और आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी हुई है।