खूंटी में बकरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने 3 युवकों की कर दी पिटाई, 1 की मौत
खूंटी के मुरहू थाना क्षेत्र में बकरी चोरी के आरोप में ग्रामीणों की पिटाई से घायल एक युवक दिलदार अंसारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। ...और पढ़ें

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर।
HighLights
खूंटी के मुरहू में बकरी चोरी के आरोप में पिटाई।
ग्रामीणों की पिटाई से घायल दिलदार अंसारी की मौत।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, दो घायल।
संवाद सूत्र, खूंटी। मुरहू थाना क्षेत्र के रूमुतकेल पंचायत अंतर्गत बिंदादिरी गांव में बकरी चोरी के आरोप में ग्रामीणों की पिटाई से घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान गुमला जिले के सिसई निवासी दिलदार अंसारी (30) के रूप में हुई है। वहीं, दो अन्य घायल फिरोज अंसारी और निजाम का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात एक कार से चार लोग बिंदादिरी गांव पहुंचे थे। ग्रामीणों को उन पर बकरी चोरी का संदेह हुआ। इसी दौरान ग्रामीणों ने तीन लोगों को पकड़ लिया, जबकि एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया।
आरोप है कि पकड़े गए तीनों की ग्रामीणों ने पिटाई कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी सोमवार को पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान दिलदार अंसारी की मौत हो गई। शेष दोनों घायलों का इलाज जारी है।
बताया जाता है कि दिलदार अंसारी करीब एक वर्ष पहले भी इसी गांव में बकरी चोरी के प्रयास के आरोप में पकड़ा गया था। उस समय ग्रामीणों ने उससे जुर्माना लेकर चेतावनी देते हुए छोड़ दिया था। इस बार दोबारा पकड़े जाने पर कुछ ग्रामीणों ने उसे पहचान लिया, जिसके बाद आक्रोशित होकर मारपीट की घटना हुई।
खूंंटी एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में मुरहू थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- परी के प्रकट होने और धनवर्षा का लालच देकर करता था अप्राकृतिक यौनाचार, रांची में तांत्रिक हत्याकांड का खुलासा