विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जामताड़ा में लापता युवती का वीडियो वायरल, हिंदू प्रेमी से शादी कर मांगी सुरक्षा

Published: Tue, 08 Sep 2026 08:43 PM (IST)

जामताड़ा से लापता 19 वर्षीय युवती नेहा परवीन ने वीडियो जारी कर बताया कि उसने अपनी मर्जी से एक हिंदू युवक से शादी की है।

संवाद सहयोगी, मिहिजाम (जामताड़ा)। Jamtara Love Story:एक 19 वर्षीय युवती के लापता होने से शुरू हुए मामले में अब अचानक नया मोड़ आ गया है। बेटी की बरामदगी और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर जामताड़ा एसपी से शिकायत करने वाले पिता फजलुल अंसारी के मामले में युवती ने खुद इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी कर पूरी कहानी बयां की है।

उसने एक हिंदू युवक से अपनी मर्जी से शादी करने की जानकारी देते हुए खुद को बालिग बताया है। साथ ही युवती ने अपनी और अपने प्रेमी की जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।

दो सितंबर को गायब हुई थी युवती

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार फजलुल अंसारी की 19 वर्षीय पुत्री नेहा परवीन दो सितंबर की शाम से घर से लापता थी। स्वजन ने इसकी सूचना मिहिजाम थाना पुलिस को दी थी और सनहा दर्ज कराया था। शिकायत में बेवा निवासी कृष्णा मंडल पर भगाने का अराेप लगाया है।

वीडियो जारी कर युवती ने बताई अपनी बात

प्रसारित वीडियो में युवती ने कहा कि वह बालिग है और उसने अपनी इच्छा से हिंदू रीति रिवाज के अनुसार विवाह किया है। उसने यह भी कहा कि उसके माता-पिता और परिवार के कुछ लोगों का समाज के असामाजिक व दबंग प्रवृत्ति के लोगों से संपर्क है।

युवती ने सुरक्षा उपलब्ध की मांग की

युवती ने आशंका जताई कि इससे उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों को खतरा हो सकता है। वीडियो में उसने जामताड़ा एसपी से अपने ससुराल पक्ष के लोगों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। युवती ने यह भी बताया कि उसके ससुराल वालों के पास अजीब अजीब तरह के काल आ रहे हैं।

इस नए घटनाक्रम के बाद मामला और पेचीदा हो गया है। एक ओर पिता अपनी पुत्री के लापता होने और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए उसकी सकुशल बरामदगी की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर युवती स्वयं वीडियो जारी कर अपनी मर्जी से विवाह करने की बात कह रही है।

एसपी बोले-पुलिस मामले की जांच कर रही 

अब पुलिस के सामने युवती के बयान की सत्यता, उसकी सुरक्षा तथा पूरे मामले के तथ्यों की निष्पक्ष जांच करना अहम हो गया है। एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।