जामताड़ा में मुरलीपहाड़ी के पास से 3 साइबर ठग गिरफ्तार, फर्जी कस्टमर केयर बनकर उड़ाते थे पैसे
जामताड़ा पुलिस ने नारायणपुर थाना क्षेत्र से तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये अपराधी फर्जी कस्टमर केयर बनकर ग्राहकों से स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करवाकर ठगी करते थे।

3 साइबर ठग गिरफ्तार
HighLights
जामताड़ा में तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार, फर्जी कस्टमर केयर बनकर ठगी।
पुलिस ने नारायणपुर क्षेत्र से आरोपियों को छापेमारी कर पकड़ा।
आरोपियों से चार मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद।
जागरण संवाददाता, जामताड़ा। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारायणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपितों से पूछताछ के बाद साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। यह जानकारी गुरुवार को साइबर डीएसपी अमित रविदास ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
पानी टंकी के पास बसे झुंड में छापेमारी
उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुअनि गुलशन कुमार सिंह तथा पुअनि हीरालाल महतो के साथ छापेमारी दल का गठन किया गया।
टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरलीपहाड़ी से ईदगाह मोड़ जाने वाली पक्की सड़क के किनारे पानी टंकी के पास बसे झुंड में छापेमारी की। इस दौरान तीन संदिग्धों को साइबर अपराध करते हुए पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपितों में आरिफ अंसारी (28), पिता जमशेद अंसारी, शाहरुख अंसारी (40), पिता इस्माइल अंसारी तथा जितेन अंसारी (24), पिता सुफुफ अंसारी, सभी ग्राम बंदरदुआ, थाना नारायणपुर, जिला जामताड़ा निवासी बताए गए हैं।
कस्टमर केयर नंबर के रूप में अपने फर्जी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल
पुलिस के अनुसार आरोपित विभिन्न ई-कॉमर्स कंपनियों, ई-पेमेंट कंपनियों तथा कस्टमर केयर नंबर के रूप में अपने फर्जी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर ग्राहकों से संपर्क करते थे।
समस्या के समाधान के नाम पर मोबाइल पर स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड करवाकर बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी करते थे।
पुलिस ने मामले में साइबर थाना कांड संख्या 65/26 के तहत बीएनएस एवं आइटी एक्ट समेत टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- जामताड़ा में खेत से सड़ी-गली हालत में महिला का शव बरामद, हत्या या कुछ और? जांच में जुटी पुलिस
